जोधपुर की 17 पंचायत समितियों में 787 उम्मीदवार मैदान में

 


जोधपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। जोधपुर जिले की 17 पंचायत समितियों में दूसरे चरण के चुनाव को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। नाम वापसी के बाद अब 787 उम्मीदवार चुनावी मैदान में रह गए हैं। इस चरण में 216 प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए। वहीं, निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी ताल ठोककर चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।

जिले की 17 पंचायत समितियों आसोप, बावड़ी, भोपालगढ़, बिलाड़ा, धवा, हटुंडी, झवर, कापरड़ा, केरू, लूणी, मंडोर, ओसियां, पीपाड़ शहर, सालवा खुर्द, सामराऊ, तिंवरी तथा उम्मेद नगर के कुल 261 वार्डों के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई है। इस चुनावी प्रक्रिया के तहत 1, 309 अभ्यर्थियों द्वारा कुल 1, 435 नामांकन प्रपत्र दाखिल किए गए थे। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान 386 प्रपत्र खारिज किए गए और 45 प्रपत्रों को डिस्कार्ड किया गया, जिसके बाद कुल 1, 004 नामांकन प्रपत्र वैध पाए गए। नामांकन वापसी की निर्धारित अवधि के दौरान कुल 216 अभ्यर्थियों ने अपने नाम वापस लिए, जबकि पूरी प्रक्रिया के दौरान धवा पंचायत समिति से 1 अभ्यर्थी का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। अब नाम वापसी एवं जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिलेभर में कुल 787 प्रत्याशी पंचायत समिति सदस्य के चुनाव के लिए अंतिम रूप से चुनावी मैदान में रहेंगे। इसमें आसोप से 56, बावड़ी से 53, भोपालगढ़ से 54, बिलाड़ा से 45, धवा से 36, हतुण्डी से 45, झंवर से 46, कपरड़ा से 45, केरू से 45, लूणी से 39, मंडोर से 54, ओसियां से 45, पीपाड़ सिटी से 56, सालवा खुर्द से 50, सामराऊ से 38, तिंवरी से 42, उम्मेद नगर से 38 अभ्यर्थी मैदान में है। जिले में पहले चरण में शेरगढ़, चाबा, आगोलाई, चामू, सेखाला, बालेसर पंचायत समिति में चुनाव होने हैं। इनमें 233 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। ऐसे में दोनों चरणों में जिले की 23 पंचायत समितियों में 1020 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश