जैसलमेर में आज सजेगी सुरों की महफ़िल
जैसलमेर, 30 जुलाई (हि.स.)।
स्वर सम्राट मोहम्मद रफी की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट जिला इकाई जैसलमेर की ओर से गुरुवार को एक शाम, रफी के नाम संगीत संध्या एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम जैन उत्कर्ष भवन, मलका प्रोल के पास आयोजित होगा, जिसमें संगीत प्रेमी रफी के सदाबहार गीतों का आनंद लेंगे।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व वर्षों में जैसलमेर में आयोजित विभिन्न संगीत संध्याओं के आयोजकों का सम्मान भी किया जाएगा। आयोजन समिति का कहना है कि यह कार्यक्रम केवल महान गायक मोहम्मद रफी को संगीतमयी श्रद्धांजलि ही नहीं, बल्कि जिले की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने वाले संगीत साधकों और आयोजकों के सम्मान का भी अवसर बनेगा।
आईएफडब्ल्यूजे जिला अध्यक्ष गणपत दैया ने बताया कि जैसलमेर में अलग अलग संस्थाओं और मंचों द्वारा स्वर सम्राट मोहम्मद रफी की पुण्यतिथि पर प्रतिवर्ष रफी नाइट का आयोजन किया जाता है। इस आयोजन में रफी के अमर गीतों की प्रस्तुति के साथ उनकी संगीत साधना और भारतीय फिल्म संगीत में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया जाता है। वर्षों से यह कार्यक्रम जैसलमेर के संगीत प्रेमियों के बीच विशेष पहचान बना चुका है। इस वर्ष आयोजित होने वाली एक शाम, रफी के नाम संगीत संध्या का विशेष आकर्षण तीन ख्यातिप्राप्त स्टेज गायक-गायिकाओं एवं प्रोफेशनल लाइव ऑर्केस्ट्रा बैंड की प्रस्तुति होगी। इनकी मधुर धुनों और लाइव संगीत की संगत पर जैसलमेर के स्थानीय गायक-गायिका मोहम्मद रफी के सदाबहार गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देंगे। स्थानीय प्रतिभाओं और पेशेवर कलाकारों का यह संगम संगीत प्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव बनने की उम्मीद है। आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम में रफी के लोकप्रिय नगमों के साथ सुर, संगीत और सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्रशेखर