जैसलमेर फील्ड फायरिंग रेंज में विस्फोट, युवक की मौत
जैसलमेर, 05 अगस्त (हि.स.)। जैसलमेर जिले के लाठी थाना क्षेत्र स्थित सेना की फील्ड फायरिंग रेंज में बुधवार को विस्फोट होने से एक युवक की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि सैन्य अभ्यास के बाद बचे किसी विस्फोटक अवशेष से यह हादसा हुआ।
पुलिस के अनुसार पोकरण क्षेत्र के बिलिया गांव निवासी सत्यनारायण सिंह (40) मंगलवार दोपहर बाइक से फील्ड फायरिंग रेंज में मशरूम तोड़ने गया था। बुधवार सुबह चाचा गांव से करीब छह किलोमीटर दूर उसका शव खून से लथपथ हालत में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पोकरण के पुलिस उपाधीक्षक बुद्धाराम विश्नोई ने बताया कि घटनास्थल पर मृतक की बाइक भी मिली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक को कोई विस्फोटक जैसा पदार्थ मिला, जिसे पत्थर से तोड़ने का प्रयास करते समय विस्फोट हो गया। धमाके में उसके चेहरे और सीने पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से विस्फोटक के अवशेष और पत्थर बरामद किए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए पोकरण अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मामले की जांच जारी है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थित सेना की फील्ड फायरिंग रेंज में सैन्य अभ्यास के बाद कभी-कभी बिना फटे विस्फोटक अवशेष या सैन्य कबाड़ रह जाता है। ऐसे में अनजाने में वहां पहुंचने वाले ग्रामीणों या स्क्रैप बीनने वालों के साथ दुर्घटनाएं होने का खतरा बना रहता है।
---------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल