जेल की चारदीवारी से गूंजा हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश : बंदियों ने लिया संरक्षण का संकल्प

 


जैसलमेर, 06 जून (हि.स.)। राज्य सरकार के वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 एवं हरियालो राजस्थान अभियान के तहत जिला कारागृह जैसलमेर में पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं हरित राजस्थान के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना था।

कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कारागृह उपाधीक्षक मुरली मनोहर सुथार ने किया। इस अवसर पर उपाधीक्षक राजूराम विश्नोई सहित कारागृह के अधिकारी, कर्मचारी एवं बंदी उपस्थित रहे। बंदियों ने उत्साहपूर्वक कारागृह परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

पौधारोपण के दौरान बंदियों को वृक्षों के महत्व, जलवायु संतुलन, जैव विविधता संरक्षण एवं स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी दिलाया गया।

इस अवसर पर उपाधीक्षक मुरली मनोहर सुथार ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से न केवल पर्यावरण संतुलन बना रहता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य का निर्माण भी संभव होता है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी हरियालो राजस्थान अभियान के तहत अधिकाधिक पौधारोपण कर प्रदेश को हरित बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें कारागृह प्रशासन भी सक्रिय सहभागिता निभा रहा है।

उपाधीक्षक राजूराम विश्नोई ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संरक्षण के बिना सतत विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने बंदियों को प्रकृति संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनते हुए समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान बंदियों ने हरियालो राजस्थान अभियान को सफल बनाने एवं लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। कारागृह के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और हरित परिसर निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं वृक्षों के संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर कारागृह परिसर में उत्साह, जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला एवं सभी ने प्रकृति संरक्षण का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्रशेखर