जेडीए की उद्यान शाखा में सेवानिवृत्त अधिकारियों की तैनाती, दो एक्सईएन भी लगाए गए
जयपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। वन विभाग और जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के बीच हुए प्रशासनिक विवाद के बाद जेडीए ने उद्यान शाखा के कार्यों के संचालन के लिए सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति की है। साथ ही शाखा में दो नवपदोन्नत अधिशासी अभियंताओं (एक्सईएन) की भी तैनाती की गई है।
जेडीए ने आदेश जारी कर पांच सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उद्यान शाखा में नियुक्त किया है। इनमें एक सहायक वन संरक्षक, एक वन रक्षक और तीन सहायक निरीक्षक शामिल हैं। इनमें से चार अधिकारी कृषि विभाग से सेवानिवृत्त हैं, जो पौधारोपण सहित उद्यान शाखा के अन्य कार्यों का दायित्व संभालेंगे।
जेडीए में उपवन संरक्षक पद से सेवानिवृत्त एक अधिकारी को भी नियुक्ति दी गई है, जिन्हें सहायक वन संरक्षक के पद पर कार्य करना होगा। आदेश के अनुसार ये सभी कार्मिक एक वर्ष, नियमित कार्मिकों की उपलब्धता अथवा 65 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक, जो भी पहले हो, सेवाएं देंगे। कार्य संतोषजनक नहीं होने अथवा भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत सही पाए जाने पर उनकी सेवाएं समाप्त की जा सकेंगी।
गौरतलब है कि वरिष्ठ उद्यान विज्ञानी के पद पर स्थानांतरित होकर आए अधिकारी को जेडीए में कार्यभार ग्रहण नहीं कराया गया था और उन्हें मूल विभाग भेज दिया गया। इसके बाद वन मंत्री ने जेडीए की उद्यान शाखा में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को वापस बुलाने के आदेश जारी कर दिए थे।
उद्यान शाखा के कार्यों को सुचारु बनाए रखने के लिए जेडीए ने हाल ही में पदोन्नत हुई रीना मीणा और विजेता चारण को अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) के रूप में भी नियुक्त किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश