जेएनवीयू में अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस : अवैध घुसपैठ और सीमावर्ती चुनौतियों पर किया मंथन
जोधपुर, 27 फरवरी (हि.स.)। सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा, बदलती जनसांख्यिकीय और सामाजिक-विधिक चुनौतियों पर चर्चा करने के लिए सूर्यनगरी में शुक्रवार को तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस शुरू हुई।
जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के विधि संकाय एवं सीमाजन कल्याण समिति राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में पीएम उषा द्वारा प्रायोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन उद्घाटन मुख्य अतिथि राजस्थान उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा ने किया। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. पवन कुमार शर्मा ने की।
पश्चिमी राजस्थान की भौगोलिक संवेदनशीलता और सामरिक महत्व को देखते हुए इस सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु चतुर्वेदी एवं मुख्य वक्ता के रूप में सीमा जागरण मंच के राष्ट्रीय संयोजक मुरलीधर भिंडा मौजूद रहे। साथ ही सीमा सुरक्षा बल के सेवानिवृत्त डीआईजी एवं सीमाजन कल्याण समिति के अध्यक्ष महेंद्रपाल सिंह भाटी भी उपस्थित रहे। सम्मेलन का मुख्य विषय अवैध सीमा-पार विस्थापन घुसपैठ संबंधित चुनौतियां विभिन्न विधिक, जनसांख्यिकी एवं सामाजिक आयाम है।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्रों में घुसपैठ के कारण उत्पन्न सुरक्षा चिंताओं पर चर्चा की गई। साथ ही सामाजिक एवं जनसांख्यिकीय प्रभाव अवैध विस्थापन से स्थानीय संसाधनों पर पडऩे वाले दबाव और सीमावर्ती क्षेत्रों के बदलते सामाजिक ढांचे का विधिक विश्लेषण किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश