जवाहर सर्किल पर अब प्री-वेडिंग और विज्ञापन शूट के लिए देना होगा शुल्क

 


जयपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जेएलएन मार्ग स्थित जवाहर सर्किल पर अब आमजन मुफ्त में प्री-वेडिंग शूट, रील और कमर्शियल शूट नहीं कर पाएंगे। जयपुर विकास प्राधिकरण

ने जवाहर सर्किल में होने वाले प्री-वेडिंग, रील और अन्य व्यावसायिक शूट से शुल्क वसूलने की पूरी तैयारी कर ली है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत प्री-वेडिंग शूट और रील बनाने वालों को 10 हजार रुपये, जबकि कमर्शियल विज्ञापन, फिल्म, नाटक और अन्य बड़े व्यावसायिक शूट के लिए 50 हजार रुपये शुल्क देना होगा।

जवाहर सर्किल पार्क जयपुर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में शहरवासी और पर्यटक घूमने पहुंचते हैं। पिछले कुछ समय से यहां प्री-वेडिंग शूट, रील और विज्ञापन शूट के लिए फोटो-वीडियोग्राफी करने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। कई बार शूटिंग के दौरान कैमरा, लाइट, स्टैंड और अन्य उपकरण लगाए जाने से आम लोगों की आवाजाही प्रभावित होती है। स्थानीय लोगों की ओर से इस संबंध में जेडीए को कई बार शिकायतें भी मिल चुकी हैं। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थल पर व्यावसायिक गतिविधियां होने से आमजन को परेशानी होती है। इन्हीं शिकायतों और बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए जेडीए ने अब शूटिंग को व्यवस्थित करने के साथ-साथ इससे राजस्व अर्जित करने की योजना तैयार की है।

जेडीए के अधिकारियाें ने बताया की जवाहर सर्किल पर प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार प्री-वेडिंग शूट और रील सहित छोटे कमर्शियल शूट के लिए 10 हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं बड़े स्तर पर होने वाले कमर्शियल विज्ञापन, फिल्म, नाटक और अन्य व्यावसायिक शूट के लिए 50 हजार रुपये शुल्क लिया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य केवल राजस्व जुटाना ही नहीं, बल्कि जवाहर सर्किल में होने वाली शूटिंग गतिविधियों को नियंत्रित और व्यवस्थित करना भी है। शुल्क व्यवस्था लागू होने के बाद बिना अनुमति शूटिंग करने वालों पर रोक लगाने में भी मदद मिलेगी।

जेडीए ने इस योजना को अंतिम रूप दे दिया है। अब आगामी दिनों में टेंडर सहित अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद किसी फर्म को शूटिंग से संबंधित शुल्क वसूलने और व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी दी जाएगी। जेडीए की योजना है कि पूरी प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के तहत संचालित किया जाए, ताकि शूटिंग करने वालों को अनुमति लेने और शुल्क जमा करने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो।

जयपुर में कई प्रमुख पर्यटन स्थलों और महत्वपूर्ण स्थानों पर प्री-वेडिंग एवं विज्ञापन शूट के लिए शुल्क लिया जाता है। ऐसे में जेडीए भी अपने अधीन आने वाले प्रमुख स्थलों से अतिरिक्त राजस्व जुटाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। जवाहर सर्किल से शुरुआत के बाद भविष्य में अन्य जेडीए परिसंपत्तियों में भी इस तरह की व्यावसायिक गतिविधियों को शुल्क के दायरे में लाने पर विचार किया जा सकता है। खाली जमीन से भी आय बढ़ाने की तैयारी जेडीए राजस्व बढ़ाने की योजना पर काम कर रहा है। प्राधिकरण अपनी खाली पड़ी जमीन और भूखंडों का बेहतर उपयोग कर आय के नए स्रोत विकसित करने की तैयारी में है। खाली भूमि को पार्किंग सहित अन्य उपयोग के लिए किराए पर देने, फ्लैट या आवास बनाकर उन्हें किराए पर देने और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के माध्यम से राजस्व अर्जित करने के विकल्पों पर भी काम किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश