जल महल पर सैकड़ों लोगों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

 


जयपुर, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजधानी जयपुर के ऐतिहासिक और विश्व प्रसिद्ध जल महल परिसर में शुक्रवार सुबह स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का अनूठा संगम देखने को मिला। जहां काइंडनेस वेलफेयर एसोसिएशन (केडब्ल्यूए) की ओर से आयोजित ‘जयपुर क्लीन ड्राइव-2026’ अभियान में सैकड़ों नागरिकों, विद्यार्थियों, परिवारों, पेशेवरों और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छ और हरित जयपुर के निर्माण का संकल्प लिया।

‘क्लीन जयपुर, ग्रीन जयपुर’ थीम पर आधारित यह अभियान सुबह 6:30 बजे जल महल परिसर में शुरू हुआ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सफाई अभियान चलाना नहीं था। बल्कि नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता विकसित करना भी था। इस कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने जल महल और उसके आसपास के क्षेत्र में सफाई गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया।

काइंडनेस वेलफेयर एसोसिएशन के निदेशक एवं संस्थापक रजत जैन ने बताया कि अभियान में शामिल लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों की सुरक्षा, प्लास्टिक प्रदूषण पर नियंत्रण और शहर को स्वच्छ बनाए रखने की शपथ ली। आयोजन स्थल पर मौजूद सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प भी लिया कि वे स्वयं स्वच्छता के प्रति सजग रहेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।

जैन ने बताया कि जल महल जयपुर की पहचान,सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन का प्रमुख केंद्र है। ऐसे महत्वपूर्ण स्थल को अभियान का केंद्र बनाने का उद्देश्य लोगों में अपने शहर और विरासत के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है कि वह अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में योगदान दे।

इस अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने जल महल परिसर और आसपास के क्षेत्रों से प्लास्टिक, कागज, बोतलें और अन्य कचरा एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण किया। प्रतिभागियों ने आमजन से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं और पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

वहीं कार्यक्रम में विद्यार्थियों और युवाओं की भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। युवाओं ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। जैन ने बताया कि इस अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभागियों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश