जयपुर सहित एक दर्जन शहरों में बारिश, डीग के सीकरी में चार इंच

 


जयपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में सोमवार को जयपुर सहित करीब एक दर्जन शहरों में हल्की से भारी बारिश दर्ज की गई। सोमवार को डीग के सीकरी में चार इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा प्रदेश के चार शहरों में तीन इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर व जयपुर संभाग में 25-26 अगस्त को कुछ भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अलवर, बांसवाड़ा, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, करौली, खैरथल-तिजारा, टोंक, डूंगरपुर सहित कुछ अन्य शहरों में हल्की से भारी बारिश देखने को मिली। जलसंसाधन विभाग के अनुसार डीग के सीकरी में 102, जुरहरा में 67, नगर में 64 और कांमा में 60, अलवर के मालाखेड़ा में 79 और गोविंदगढ़ बांस में 77, खैरथल-तिजारा के हरसोली में 87 और किशनगढ़ बांस में 80 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सोमवार को प्रदेश में श्रीगंगानगर सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 39.2 और न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री दर्ज किया गया।

जयपुर, अलवर, धौलपुर, करौली, भरतपुर, सवाई माधोपुर, दौसा और खैरथल-तिजारा जिले में सोमवार सुबह बारिश हुई। इससे कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। अलवर में बच्चों को पानी के बीच से स्कूल जाना पड़ा। धौलपुर जिले के बाड़ी में सुबह 8 बजे तक 44 मिमी बारिश दर्ज हुई। करौली के हिंडौनसिटी बाजार में पानी भरने के कारण व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दी। भरतपुर जिले के नदबई में भी बारिश हुई। यहां मीरा कॉलोनी स्थित गंगाराम कोली के मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। खैरथल-तिजारा में 4 घंटे बारिश हुई। यहां खैरथल अंडरपास में 7 फीट पानी भर गया। इसके चलते इस रास्ते में ट्रैफिक बंद कर दिया गया। किशनगढ़बास शहर के बाजारों, सड़कों, कॉलोनियों और निचले इलाकों में पानी भर गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र आज उत्तरी उड़ीसा, झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल के ऊपर अवस्थित है। मानसून ट्रफ लाइन आज अमृतसर, निजामाबाद व कम दबाव के क्षेत्र से होकर गुजर रही है। पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर व जयपुर संभाग के कुछ भागों में 24-26 अगस्त को बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान उदयपुर व अजमेर संभाग के कुछ भागों में भी हल्की मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह कमजोर मानसून परिस्थितियां जारी रहने की संभावना है। इस दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री दर्ज होने की प्रबल संभावना है। रविवार को राज्य के पश्चिमी भाग में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा तथा पूर्वी भाग में कहीं कहीं पर हल्की से मध्यम वर्षा व 4-5 स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक बारिश कुम्हेर (भरतपुर) में 95 मिलीमीटर दर्ज की गई।

जयपुर में सोमवार को करीब एक घंटे तक तेज बारिश देखने को मिली। इससे जयपुर की सड़कें दरिया बनी नजर आई। सड़कों पर पानी भरने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जयपुर में करीब सवा इंच बारिश दर्ज की गई। जलसंसाधन विभाग के अनुसार कलेक्ट्रेट पर 28, सांगानेर में 25, जालसू में 24,आमेर 12 और चाकसू में 11 मिमी बारिश हुई। हवा के साथ तेज बारिश के बाद जयपुर के पारे में गिरावट दर्ज की गई। इससे आमजन को तेज गर्मी और उमस से राहत मिली। जयपुर के दिन के पारे में करीब दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 33.8 और न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश