जयपुर सहित 18 शहरों में बारिश, बूंदी के तालेड़ा में 70 मिमी

 


जयपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में मंगलवार को जयपुर सहित करीब 18 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। प्रदेश में 7 स्थानों पर दो इंच या उससे अधिक बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश बूंदी के तालेड़ा में 70 मिलीमीटर दर्ज की गई। पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर व जयपुर संभाग के कुछ भागों में 26 अगस्त को मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान उदयपुर, अजमेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में भी हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। 27 अगस्त से 2 सितंबर के दौरान पूर्वी राजस्थान में भी पुन: बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। हालांकि, कोटा संभाग के कुछ भागों में 27-28 अगस्त को हल्की मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, अलवर, बांरा, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौडग़ढ़, दौसा, झालावाड़, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, प्रतापगढ़, सवाईमाधोपुर, सीकर और टोंक सहित कुछ अन्य शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मंगलवार को अलवर, झालावाड़, खैरथल-तिजारा, सवाईमाधोपुर, टोंक सहित कुछ अन्य स्थानों पर 2 इंच या उससे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई।

मंगलवार को श्रीगंगानगर और बीकानेर का पारा 40 डिग्री के पार रहा। श्रीगंगानगर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री दर्ज किया गया। कोटपूतली-बहरोड़ में कोलीला फ्लाईओवर के पास नेशनल हाईवे- 48 की सर्विस लेन पानी में डूब गई है। दौसा के लालसोट में मोरेल बांध पर करीब 5 इंच की चादर चल रही है। लालसोट क्षेत्र में 95 और मोरेल डैम क्षेत्र में 38 मिमी बारिश दर्ज की गई। अलवर शहर में भी सुबह तेज बरसात के कारण शहर में जगह-जगह जलजमाव हो गया। लगातार बरसात के कारण कई शहरों के तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट हुई है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मंगलवार को भी झारखंड के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून ट्रफ लाइन जम्मू देहरादून वैकोम दबाव के क्षेत्र से होकर गुजर रही है। पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर व जयपुर संभाग के कुछ भागों में 26 अगस्त को मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान उदयपुर, अजमेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में भी हल्की मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। 27 अगस्त से 2 सितंबर के दौरान पूर्वी राजस्थान में भी पुन: बारिश की गतिविधियों में कमी होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह कमजोर मानसून परिस्थितियां जारी रहने की संभावना है। सोमवार को अलवर, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, सवाई माधोपुर, टोंक जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज हुई है। सर्वाधिक बारिश नादोती, सवाईमाधोपुर में 120 मिमी दर्ज की गई।

जयपुर में लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी बारिश देखने को मिली। लगातार बारिश के बाद जयपुर के तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर में कुछ स्थानों पर तेज और कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई। जयपुर के दिन के तापमान में 2.8 और रात के तापमान में 2.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री दर्ज किया गया। जलसंसाधन विभाग के अनुसार जयपुर के बस्सी में 39 और चाकसू में 20 मिमी बारिश दर्ज की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश