जयपुर सहित 18 शहरों में बारिश, धौलपुर-दौसा में मकान ढहे, कल से धीमा पड़ेगा बारिश का दौर

 


जयपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश में एक्टिव मानसून के असर से बारिश का दौर लगातार बना हुआ है। रविवार को जयपुर सहित करीब 18 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश धौलपुर के राजाखेड़ा में 58 मिलीमीटर दर्ज की गई। बारिश के दौरान दौसा और धौलपुर में मकान ढह गए, हालांकि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई। धौलपुर में चम्बल खतरे के निशान पर बह रही है। पाकिस्तान सीमा के नजदीक खाजूवाला में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई।

मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, टोंक, उदयपुर, चूरू, डूंगरपुर, करौली, अलवर, बारां, भरतपुर, चित्तौडग़ढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, झालावाड़, कोटा, सवाईमाधोपुर और प्रतापगढ़ सहित अन्य स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। प्रदेश में श्रीगंगानगर सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 38.5 और न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री दर्ज किया गया। खाजूवाला पाक सीमावृती एरिया में तूफानी बारिश के साथ में ओले गिरे। दौसा जिले के महवा सहित कई इलाकों में लगातार बारिश का दौर जारी है। यहां दुकान-घरों में पानी घुस गया है। महवा क्षेत्र के धनतुरी गांव में एक मकान ढह गया। मकान खाली था जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। धौलपुर लगातार बारिश के कारण चंबल नदी का जलस्तर एक रात में 8 मीटर तक बढ़ गया है। रविवार सुबह से नदी खतरे के निशान के करीब बह रही है। जिले के मांगरोल गांव में बारिश के कारण एक मकान भी ढह गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वेल मार्क लो प्रेशर एरिया रविवार को कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित हो चुका है तथा वर्तमान में दक्षिण पश्चिम यूपी के ऊपर बना हुआ है। शनिवार को पूर्वी राजस्थान कहीं-कहीं में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश खंडार, सवाईमाधोपुर में 104 मिलीमीटर दर्ज की गई। रविवार को जयपुर, अजमेर, उदयपुर, बीकानेर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। 7 सितंबर से राज्य के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियों में कमी होने देखने को मिल सकती है। हालांकि, भरतपुर, जयपुर व कोटा संभाग में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। 8 सितंबर से राज्य अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह कमजोर मानसून परिस्थितियां दर्ज होने तथा 12-13 सितंबर से पुन: पूर्वी व दक्षिणी भागों में बारिश का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है।

जयपुर में दिनभर बादल छाए रहे और बादलों के बीच से धूप भी खिली। इससे जयपुर के पारे में 5 डिग्री से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में 0.7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। जयपुर में सोमवार को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिल सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश