जयपुर में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए पुलिस आयुक्तालय ने जारी किए सख्त आदेश
जयपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। जयपुर पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों और ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने तथा आमजन और संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट एवं अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (कानून एवं व्यवस्था) अजय सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 163 के तहत आठ अलग-अलग आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के तहत बैंक, एटीएम, ज्वैलरी शॉप, होटल, मॉल, स्कूल-कॉलेज सहित विभिन्न संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाना, किरायेदारों और कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराना तथा होटल, लॉज और धर्मशालाओं में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का विवरण ई-विजिटर्स पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है।
इसके अलावा फर्जी सिम की बिक्री, चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री, पावर बाइक के साइलेंसर में बदलाव, अमानक नंबर प्लेट, देर रात पार्टियों, तेज डीजे और ध्वनि प्रदूषण को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। सभी आदेश 29 नवंबर 2026 से 27 जनवरी 2027 तक अथवा इससे पहले निरस्त किए जाने तक प्रभावी रहेंगे। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत दंडनीय अभियोग चलाया जाएगा।
संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य
आदेश के तहत बैंक, एटीएम, निजी लॉकर, कंपनियों, ज्वैलरी शॉप, पेट्रोल पंप, मॉल, होटल, सिनेमा हॉल, शराब-बीयर की दुकानें, रेस्टोरेंट, बार, पब, क्लब, गेस्ट हाउस, धर्मशालाएं, मल्टीस्टोरी सोसायटी, स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों सहित संबंधित भवनों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है। इसका उद्देश्य चोरी, लूट, डकैती, छीना-झपटी और अन्य अपराधों की रोकथाम के साथ महिला एवं बाल सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
संस्थानों के अंदर और बाहर प्रवेश-निकास द्वारों तथा महत्वपूर्ण गैर-निजी क्षेत्रों को कवर करते हुए उच्च गुणवत्ता वाले नाइट विजन कैमरे लगाने होंगे। इनमें रिकॉर्डिंग देखने की सुविधा और बिजली का वैकल्पिक प्रबंध होना चाहिए। रिकॉर्डिंग कम से कम 30 दिन तक सुरक्षित रखनी होगी। कैमरों को लगातार चालू और उचित रखरखाव की स्थिति में रखना होगा। पुलिस की मांग पर रिकॉर्डिंग पेनड्राइव, सीडी या अधिकृत ई-मेल के माध्यम से उपलब्ध करानी होगी। आवश्यकता पड़ने पर भारतीय साक्ष्य अधिनियम-2023 की धारा 63 के तहत प्रमाणपत्र भी देना होगा। कैमरे लगाने के एक माह के भीतर संबंधित स्थानीय थाने को इसकी पूरी जानकारी देनी होगी।
किरायेदारों और कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन जरूरी
वहीं मकान मालिकों और संस्थान संचालकों को किरायेदारों, घरेलू नौकरों, ड्राइवरों, चौकीदारों, निजी कर्मचारियों, सेल्समैन और सहायकों का पुलिस सत्यापन कराना अनिवार्य किया गया है। आदेश में बिना सत्यापन और पुलिस को जानकारी दिए व्यक्तियों को रखने से हत्या, हत्या के प्रयास, लूटपाट, जहरखुरानी, चोरी और अन्य गंभीर अपराधों की आशंका जताई गई है। इसके समर्थन में करधनी, करणी विहार, मानसरोवर और अशोक नगर थानों में दर्ज पूर्व के प्रकरणों का भी उल्लेख किया गया है।
मकान मालिकों और संस्थान संचालकों को इन सभी व्यक्तियों की प्रमाणिक जानकारी, मोबाइल नंबर और अधिकृत पहचान पत्र का रिकॉर्ड रखना होगा। स्थानीय थाने से पुलिस सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। किसी व्यक्ति को काम पर रखने के अधिकतम 15 दिन के भीतर संबंधित थाने को इसकी सूचना देनी होगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देनी होगी।
फर्जी सिम जारी करने पर रखनी होगी निगरानी
मोबाइल सेवा प्रदाताओं के रिटेलर्स और सब-रिटेलर्स को प्रीपेड एवं पोस्टपेड सिम की बिक्री का दैनिक रिकॉर्ड रखना होगा। दूसरे व्यक्ति के पहचान पत्र या कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर फर्जी सिम जारी होने से अपराध, आतंकवादी गतिविधियों, सांप्रदायिक उन्माद और जांच एजेंसियों को गुमराह करने जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए यह व्यवस्था की गई है।
सिम खरीदने वाले व्यक्ति का नाम, स्थायी और वर्तमान पता, वैध पहचान पत्र की प्रति, चेहरे का मिलान और हस्ताक्षर रिकॉर्ड में रखने होंगे। किसी भी संदिग्ध स्थिति में नजदीकी थाने को तुरंत सूचना देनी होगी। दैनिक बिक्री का विवरण प्रत्येक माह adcpint.sec@gmail.com पर ई-मेल करना होगा। सभी रिकॉर्ड पांच साल तक सुरक्षित रखने होंगे और जांच एजेंसियों की मांग पर तत्काल उपलब्ध कराने होंगे।
पुराने वाहनों की खरीद-बिक्री का पूरा रिकॉर्ड रखना होगा
सेकंड हैंड मोटरसाइकिल, स्कूटर और कारों के डीलरों, एजेंटों तथा कबाड़ियों को प्रत्येक वाहन के लेन-देन का पूरा रिकॉर्ड रखना अनिवार्य किया गया है। चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री और बिना दस्तावेज या हस्तांतरण प्रक्रिया के वाहन बेचने से अपराधों और आतंकी गतिविधियों में इनके इस्तेमाल की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
डीलरों को क्रेता और विक्रेता का फोटो सहित रजिस्टर रखना होगा। इसमें लेन-देन की तारीख के साथ फॉर्म-29, फॉर्म-30 और डिलीवरी लेटर विधिवत भरे होने चाहिए। दोनों पक्षों के पहचान दस्तावेज, वाहन की आरसी और संबंधित दस्तावेजों की प्रतियां पुलिस के लिए उपलब्ध रखनी होंगी। संदिग्ध वाहन या लेन-देन की जानकारी नजदीकी थाने को देनी होगी। वाहन रखने वाले परिसर के अंदर और बाहर पहचान स्पष्ट करने वाले सीसीटीवी कैमरे भी लगाने होंगे।
मोडिफाइड साइलेंसर और फैंसी नंबर प्लेट पर रोक
मोटरसाइकिल गैराज संचालकों और मैकेनिकों को पावर बाइक तथा बुलेट के साइलेंसर में बदलाव कर पटाखों जैसी तेज आवाज निकालने वाले साइलेंसर लगाने से प्रतिबंधित किया गया है। ऐसे साइलेंसर ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने के साथ आमजन में परेशानी और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा पैदा करते हैं।
वाहनों के आगे और पीछे परिवहन विभाग के निर्धारित मानकों के अनुरूप ही नंबर प्लेट लगानी होगी। फैंसी, डिजाइनदार, छोटे-बड़े आकार की अथवा बिना आरसी सत्यापन वाली नंबर प्लेट लगाने पर रोक रहेगी। आदेश का उद्देश्य अमानक नंबर प्लेटों के जरिए अपराधियों के बच निकलने की आशंका को रोकना भी है।
होटल-बार में रात 12 बजे बाद शराब बिक्री नहीं
होटल, रेस्टोरेंट, गेस्ट हाउस, नाइट क्लब, बार, मॉल, डिस्कोथेक, पब, लॉजिंग हाउस, बोर्डिंग, ईटिंग हाउस और फार्म हाउस में देर रात होने वाली पार्टियों, तेज डीजे और नशे की गतिविधियों पर नियंत्रण के निर्देश दिए गए हैं।
जहां शराब या हुक्का कारोबार संचालित हो रहा है, वहां संचालकों और प्रबंधकों को प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के इस्तेमाल से बचना होगा। परिसर में रात 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग नहीं किया जा सकेगा। वहीं, रात 12 बजे के बाद होटल और बार में शराब बिक्री की गतिविधियां संचालित नहीं की जा सकेंगी।
ध्वनि प्रदूषण और साइलेंट जोन में सख्ती
ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और शांत क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल की रिपोर्ट में निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि प्रदूषण वाले क्षेत्रों का उल्लेख किया गया है। इनमें सिविल लाइंस में राज्यपाल निवास के पीछे का गार्डन, संतोकबा दुर्लभजी मेमोरियल अस्पताल की ओपीडी के पास का शांत क्षेत्र, पटेल मार्ग मानसरोवर स्थित नगर निगम कार्यालय, शास्त्री नगर का साइंस पार्क, राजापार्क की गली नंबर तीन, छोटी चौपड़ स्थित कोतवाली थाने के पास का व्यावसायिक क्षेत्र, विश्वकर्मा स्थित आरपीसीबी का रूफटॉप रीजनल ऑफिस और सीतापुरा स्थित रीको कार्यालय के औद्योगिक क्षेत्र शामिल हैं।
आदेश के अनुसार वाहनों में प्रेशर हॉर्न पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। औद्योगिक और वाणिज्यिक क्षेत्रों में ध्वनि निरोधी प्रणाली तथा ध्वनि अवशोषक का उपयोग करना होगा। शांत क्षेत्रों में भारी वाहनों की आवाजाही, लाउडस्पीकर, तेज संगीत और पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अन्य सामाजिक गतिविधियों के दौरान भी शोर का स्तर कम रखना होगा।
होटल, लॉज और धर्मशालाओं में ई-विजिटर्स पोर्टल अनिवार्य
जयपुर पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र के होटल, गेस्ट हाउस, लॉज, धर्मशाला और सराय संचालकों को वहां ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पूरा विवरण रखना अनिवार्य किया गया है। बिना अधिकृत पहचान पत्र के कमरा किराये पर देने और संदिग्ध या राष्ट्रविरोधी तत्वों के छिपने की आशंका को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है।
संचालकों और प्रबंधकों को प्रत्येक आगंतुक का नाम, पता, मोबाइल नंबर और अधिकृत पहचान पत्र का विवरण संधारित करना होगा। सभी आगंतुकों की जानकारी पुलिस आयुक्तालय के ई-विजिटर्स पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देनी होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश