जयपुर में नारी शक्ति का महाकुंभ 8–9 मार्च को

 


जयपुर, 01 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में राजधानी में 8 व 9 मार्च को “शक्ति वंदन – भारत के स्व का अभिनंदन” दो दिवसीय महाआयोजन जवाहर कला केंद्र के शिल्प ग्राम में आयोजित होगा। आयोजन नारी सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य, उद्यमिता और सांस्कृतिक गौरव को समर्पित रहेगा।

निवर्तमान महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने देशभर में सर्वाइकल कैंसर की निःशुल्क वैक्सीन की शुरुआत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि इस राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान से प्रतिवर्ष 1.15 करोड़ बेटियां लाभान्वित होंगी। आयोजन के तहत “शक्ति कवच” अभियान में 9 से 14 वर्ष की करीब 1000 बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीनेशन किया जाएगा। सेवायाम संस्था के तत्वावधान में अब तक हजारों बालिकाओं व महिलाओं का टीकाकरण किया जा चुका है।कार्यक्रम का शुभारंभ 8 मार्च को मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा करेंगे। इस अवसर पर मां पन्नाधाय की प्रतिमा का अनावरण होगा। सुबह 9 से 11 बजे तक आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर में 500 से अधिक महिलाएं व बालिकाएं पारंपरिक शस्त्र प्रशिक्षण के तहत तलवार चलाने का अभ्यास करेंगी।

आयोजन में अभिनेत्री रवीना टंडन, ईशा कोप्पिकर और विधायक व गायिका मैथिली ठाकुर सहित कई प्रबुद्धजन विभिन्न सत्रों में भाग लेंगे। ‘जेन-जी का विकसित भारत’, ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फॉर वूमन’, ‘उद्यमिता में नारी शक्ति’ और ‘स्वस्थ नारी–समृद्ध समाज’ जैसे विषयों पर संवाद होगा। समापन सत्र में राष्ट्रीय सेविका समिति की प्रमुख कार्यवाहिका वंदनीया सीता ताई व्याख्यान देंगी। राज्यपाल हरि भाऊ बागड़े महिला सशक्तिकरण में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 21 महिलाओं को सम्मानित करेंगे।आयोजन स्थल पर 300 से अधिक निःशुल्क स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां महिला उद्यमी अपने उत्पाद, हस्तशिल्प व स्टार्टअप प्रदर्शित करेंगी। दो दिवसीय यह आयोजन जयपुर में नारी शक्ति के सामर्थ्य और नेतृत्व का प्रेरक मंच बनेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश