जयपुर के विकास पर खर्च होंगे 211 करोड़, बैठक में मिली स्वीकृति

 


जयपुर, 19 जून (हि.स.)। जयपुर शहर के समग्र एवं सुनियोजित विकास को नई गति देने के लिए जेडीसी सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में शुक्रवार को जयपुर विकास प्राधिकरण

के मंथन सभागार में पीडब्ल्यूसी की 6वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में जयपुर के विकास को लेकर 211 करोड़ रुपए के कार्यो को स्वीकृति दी गई।

बैठक में जयसिंहपुरा खोर (दिल्ली रोड) में बीएसयूपी फ्लैट्स की मरम्मत और रखरखाव कार्य के लिए 3.48 करोड़ , नंदपुरी अंडरपास (80 फीट रोड) से मेन रोड (100 फीट) तक सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रही विद्युत लाइनों को शिफ्ट करने व हटाने के लिए 5.23 करोड और जोन- ए में रमेश मार्ग व युधिष्ठिर मार्ग को जोडऩे वाले नाले पर पुल निर्माण के लिए 3.33 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। जोन- ए में मालवीय नगर के डी-ब्लॉक सामुदायिक केंद्र के पुनर्विकास (ईपीसी मोड पर) के लिए 26.25 करोड़ , मालवीय नगर के बी-ब्लॉक सामुदायिक केंद्र के पुनर्विकास (ईपीसी मोड पर) के लिए 33.08 करोड़ और जोन- ए में सेंट्रल पार्क के लिली पूल क्षेत्र के पास स्पोट्र्स एरीना के विकास के लिए 5.95 करोड़ रुपए के कार्य को मंजूरी दी गई। जोन-बी क्षेत्र में पेच मरम्मत कार्य (एआरसी 2026-27) के लिए 3.46 करोड़, नंदपुरी अंडरपास से जगतपुरा तक 80 फीट सेक्टर रोड निर्माण के लिए 3.23 करोड़, सांगानेर विधानसभा क्षेत्र में त्रिवेणी नगर में सामुदायिक केंद्र के पुनर्विकास और खुले सार्वजनिक स्थानों के विकास के लिए 47.68 करोड़ एवं जोन-7 स्थित वैशाली नगर में जेडीए सामुदायिक केंद्र के पुनर्विकास के लिए 30.65 करोड़ रुपए के काम को स्वीकृति दी गई। जोन-11 (ग्राम पंचायत पवालिया) में विभिन्न बीटी और सीसी सड़कों के निर्माण के लिए 3.70 करोड़ , जोन-13 (आमेर विधानसभा क्षेत्र) में विभिन्न सड़कों के निर्माण, नवीनीकरण और सुधार कार्य के लिए 7.80 करोड़ एवं जोन-14 में डिग्गी रोड रटल्या स्टैंड से मनहोरियावाला तक सड़क के नवीनीकरण और सुदृढीकरण के लिए 3.21 करोड़ रुपए खर्च होंगे। जोन-24 (बस्सी विधानसभा क्षेत्र) में मौजूदा सड़कों के नवीनीकरण व सुधार के लिए 5.22 करोड़ एवं पीआरएन जोन में न्यू सांगानेर रोड से मांग्यावास रोड तक 100 फीट चौड़ी (वरुण पथ) सेक्टर रोड निर्माण के लिए 4.40 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। आगामी मानसून सीजन (जुलाई से अक्टूबर 2026) के दौरान पुलिस थानों, स्कूलों, अस्पतालों, आवासीय योजनाओं जैसी सरकारी परिसरों में वन-टाइम पौधरोपण और जनता को पौधे वितरित करने के लिए 3.96 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। गार्डन-2 के तहत विभिन्न स्थानों पर वेस्ट टू आर्ट प्रवेश द्वार स्थापित करने और निर्माण के लिए 4.87 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई। जोन-9 में महल रोड पर पैदल यात्री अंडरपास निर्माण के लिए 8.67 करोड़, शांति नगर पुलिया के पास, ज्ञान आश्रम स्कूल के निकट (द्रव्यवती नदी पर) आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट निर्माण के लिए 10.76 करोड़ और ग्राम चैनपुरा के खसरा नंबर 286 से 291 और 294 से 297 पर मिश्रित योजना के अनुमोदन पर निर्णय लिया गया। इस बैठक में सचिव डॉ गौरव सैनी, निदेशक योजना मृणाल जोशी, निदेशक अभियांत्रिकी देवेंद्र गुप्ता, निदेशक वित्त सुरेश वर्मा, अतिरिक्त मुख्य अभियंता संजय पूनिया सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश