जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय में हिंदी विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी 15 से

 


जोधपुर, 12 नवम्बर (हि.स.)। जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग एवं ऑयल इंडिया लिमिटेड जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में 15 एवं 16 नवंबर को दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन केंद्रीय कार्यालय परिसर स्थित बृहस्पति भवन सभागार में किया जाएगा। संगोष्ठी के संरक्षक विश्वविद्यालय कुलगुरु प्रो. पवन कुमार शर्मा हैं, वहीं संगोष्ठी परामर्शदाता कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो. औतार लाल मीना है।

संगोष्ठी आयोजन अध्यक्ष हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. महिपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि संगोष्ठी का मुख्य विषय हिंदी का भविष्य और भविष्य की हिंदी: एक चिंतन तथा उपशीर्षक हिंदी की बात, ऊर्जा के साथ रखा गया है।

उन्होंने यह भी बताया कि संगोष्ठी हाइब्रिड मोड (ऑनलाइन एवं ऑफलाइन) में आयोजित होगी जिसमें सहभागिता के लिए शोधार्थी, शिक्षक, साहित्यकार एवं हिंदी भाषा के उध्येता ऑनलाइन पंजीयन लिंक पर पंजीयन कर निर्धारित शुल्क जमा करवा सकते है। आयोजन सचिव हिंदी विभाग की सहायक आचार्य डॉ. कीर्ति माहेश्वरी और सह-सचिव डॉ. मीता सोलंकी ने बताया कि संगोष्ठी का उद्देश्य वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में हिंदी की स्थिति, संभावनाओं, चुनौतियों तथा भविष्य की दिशा पर अकादमिक विमर्श करना है।

इसमें हिंदी भाषा के बदलते स्वरूप, वैश्वीकरण, तकनीकी विकास, सोशल मीडिया, डिजिटल माध्यमों, बाजारवाद, रोजगार, शिक्षा एवं संचार के क्षेत्र में हिंदी की बढ़ती भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश