छात्राओं को खेल भावना एवं स्वस्थ जीवनशैली की दिलाई शपथ
अजमेर, 22 अगस्त(हि.स.)। महिला इंजीनियरिंग कॉलेज, अजमेर में हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. प्रकृति त्रिवेदी ने छात्राओं को खेल भावना एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति शपथ दिलाकर इसका शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. त्रिवेदी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, निर्णय लेने की क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने छात्राओं से नियमित रूप से खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया। खेल समन्वयक डॉ. विजय शर्मा एवं पवन इनानिया ने बताया कि आयोजन के पहले दिन
महाविद्यालय के विभिन्न हाउसों के बीच कबड्डी, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। छात्राओं ने प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया। आयोजन के दूसरे दिन प्रातः योग सत्र आयोजित किया जाएगा। वहीं सायंकालीन सत्र में भारतीय पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दौड़, रस्साकशी और सतोलिया जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। आयोजन में भाग लेने वाली सभी छात्राओं को प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. मधु तोषनीवाल, डॉ. वरुण सक्सेना, मनस्वी पराशर, ईशा, मोहनराम, राकेश कुमावत, विक्रांत कृपलानी एवं सुनीता यादव का विशेष सहयोग रहा। छात्रा संयोजक अंतिमा नामा एवं मनीषा कंवर ने भी आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष