छात्र से मारपीट के बाद एबीवीपी का प्रदर्शन, कॉलेज गेट पर जड़ा ताला, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष के खिलाफ शिकायत

 


चित्तौड़गढ़, 13 जून (हि.स.)। महाविद्यालय में विद्यार्थियों के बीच राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने के साथ ही हंगामा बढ़ता जा रहा है। कल एक घटनाक्रम में एनएसयूआई के कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजय राव के एक छात्र के साथ मारपीट किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया। इसके विरोध में शनिवार को एबीवीपी के छात्रों ने जिले के सबसे बड़े कॉलेज महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जम कर प्रदर्शन किया। महाविद्यालय के द्वार पर ताला जड़ दिया। हंगामा बढ़ता गया और महाविद्यालय के बंद गेट के पर दोनों और एबीवीपी और एनएसयूआई के छात्र नारेबाजी करते रहे। हंगामा बढ़ता देख महाविद्यालय प्रशासन ने पुलिस को सूचित किया लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। बाद में सदर थानाधिकारी प्रेम सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और महाविद्यालय के द्वार का ताला तुड़वाया। इस दौरान एबीवीपी के छात्रों ने संजय राव के रेस्टिगेशन की मांग की है। इधर, छात्र की रिपोर्ट पर सदर थाने में कार्यवाही की जा रही है।

कॉलेज प्राचार्य डॉ एचएन व्यास ने बताया कि शनिवार अपराह्न करीब तीन बजे बाद छात्र संगठनों ने प्रदर्शन शुरू किया था। एबीवीपी के बाद एनएसयूआई के पदाधिकारी भी पहुंचे थे। एबीवीपी ने एक छात्र के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया था। इस पर नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है। इधर, एबीवीपी के छात्रों ने संजय राव के निलंबन की मांग को लेकर हंगामा शुरु कर दिया। वहीं महाविद्यालय प्रबन्धन पर दबाव बनाया। इसी दौरान एनएसयूआई के पदाधिकारी और छात्र भी महाविद्यालय में एकत्र हो गए। मामले की सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई जहां से तीन एएसआई और जाप्ता पहुंचा लेकिन हंगामा बढ़ता गया। छात्रों ने द्वार पर ताला लगा दिया और दोनों पक्ष चैनल गेट पर आमने - सामने होकर जम कर नारेबाजी करने लगे। बाद में सदर थानाधिकारी प्रेमसिंह मौके पर पहुंचे और छात्रों को गेट से हटा कर ताला तुड़वाया। बाद में प्राचार्य से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। वहीं एबीवीपी के छात्रों ने भी प्राचार्य से मुलाकात की।

इस संबंध में महाविद्यालय के प्राचार्य एचएन व्यास ने बताया कि छात्रों द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर अनुशासन समिति के प्रभारी प्रो भरतदास वैष्णव को रिपोर्ट दी है और आज 3 बजे बैठक प्रस्तावित की गई थी लेकिन बाद में यह हंगामा हो गया। इस बैठक में छात्र संजय राव के खिलाफ कार्यवाही को लेकर निर्णय लिया जाएगा और उसके बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। इधर, पुलिस ने पीड़ित छात्र को थाने में बयान दर्ज कराने के लिए कहा है।

इधर, जानकारी में आया कि महाविद्यालय में लगे हुए सभी कैमरे बंद है। इसके कारण किसी भी गतिविधि पर नजर रखना कठिन हो रहा है। इधर, एबीवीपी के छात्रों ने आरोप लगाया कि महाविद्यालय में बाहरी छात्रों का हस्तक्षेप लगातार बढ़ता जा रहा है और बाहरी गुंडा तत्व महाविद्यालय में आकर मारपीट और हंगामा करते है। इस मामले में महाविद्यालय के प्राचार्य ने कैमरे शीघ्र शुरु करवाने और कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल