चेटीचंड महोत्सव : जैको चवंदो झूलेलाल, तहिंजा थिंदा बेड़ा पार..
सिंधी समाज ने निकाली भगवान झूलेलाल की शोभायात्रा
जोधपुर, 20 मार्च (हि.स.)। सिंधी समाज के आराध्य इष्टदेव भगवान झूलेलाल का अवतरण दिवस चेटीचंड पर्व शुक्रवार को सूर्यनगरी में धूमधाम से मनाया गया। इसके साथ ही आज से तीन दिवसीय महोत्सव भी शुरू हो गए जिसके तहत कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, सोजती गेट, रातानाडा, बासनी, सरदारपुरा, रसाला रोड, शक्ति नगर, हेमू कालानी चौराहा सहित कई झूलेलाल मंदिरों में ध्वजा चढ़ाई गई। इस अवसर पर शाम को भगवान झूलेलाल की शोभायात्रा निकाली गई।
सिन्धी समाज की ओर से चेटीचंड त्योहार शहर के विभिन्न मन्दिर में शुक्रवार को मनाया गया। शाम को झांकीयुक्त शोभायात्रा निकाली गई। इसमें देवी देवता, सिन्धी संत, सिन्धी छेज की झांकियां मुख्य रूप से शामिल हुई। इससे पहले सुबह समाज की सभी पंचायतों के मंदिरों में ध्वजारोहण के साथ मेले का आगाज हुआ। शाम को चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सोजती गेट, सरदारपुरा व रातानाडा पंचायत की ओर से शोभायात्रा निकाली गई, जो विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए देर रात सरदारपुरा हेमू कालानी चौराहे पर विसर्जित हुई। इसमें सौ से ज्यादा इांकियों का जालोरी गेट पर संगम हुआ।
सोजती गेट स्थित प्राचीन झूलेलाल मंदिर में बाबा जयराम दास के सानिध्य में ध्वजा चढ़ाई गई। मेला प्रभारी भगवान मुरजानी, राम चांदवानी, राजकुमार कुंदनानी, स्पेश खटवानी, पूर्व पार्षद राजकुमार आसुदानी, रमेश ग्वालानी, अनु भोजवानी न बाचा नारुमल मंडली, महिला संगठन की ओर से अतिथियों का सत्कार किया गया। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड तीसरा पुलिया स्थित झूलेलाल महल में सिंधी सेंट्रल पंचायत अध्यक्ष राम तोलानी, महासचिव लक्ष्मण खेतानी और प्रभु ठारवानी की देखरेख में तीन दिवसीय मेला शुरू हुआ। मेला अधिकारी राजू संभवानी, रमेश झामनानी व दीपक मोग्दानी ने बताया सुबह ध्वजारोहण किया।
शाम को 16 सेक्टर पंचायत भवन से शोभायात्रा निकाली गई। सिंधु महल में अध्यक्ष कन्हैयालाल टेवानी और उपाध्यक्ष दिनेश भंधानी के सानिध्य में ध्वजारोहण किया गया। सरदारपुरा में झूलेलाल मंडली की ओर से तीन दिवसीय कार्यक्रम शुरू हुआ। आयोजक अशोक मूलचंदानी, संजय चंदीरामानी व वासुदेव खेराजानी ने बताया कि पहले दिन सुबह ध्वजारोहण किया। शाम को शोभायात्रा निकाली गई।
इसी तरह सिंधी गुरुसंगत दरबार, सिंधी पंचायत रातानाडा, पूज्य सिंधी पंचायत प्रतापनगर, संत कंवरराम धर्मशाला की ओर से चेटीचंड मनाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश