चिरैया अभियान का शुभारंभ, कलेक्टर ने बांधे परिंडे
जोधपुर, 13 मई (हि.स.)। राजस्थान पटवार संघ जिला शाखा जोधपुर द्वारा आयोजित चिरैया अभियान का शुभारंभ कलेक्टर परिसर में किया गया। जिला कलेक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य भीषण गर्मी के मौसम में बेजुबान पक्षियों और छोटे जीवों के लिए पानी और आश्रय उपलब्ध कराना है।
जिला पटवार संघ के जिलाध्यक्ष दुर्गवीरसिंह चौहान ने बताया कि इस अभियान के तहत कलेक्ट्रेट परिसर, उपखंड कार्यालय, तहसील कार्यालय परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में पहले चरण में पक्षियों के लिए घरों और परिंडों का वितरण एवं स्थापना की गई। अभियान में लगभग 2500 परिंडे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। दूसरे चरण में 14 मई को प्रत्येक पटवार मंडल स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पटवार जनता को भी पक्षियों के लिए परिंडे लगाने के लिए प्रेरित करेंगे।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने इस मानवीय और पर्यावरणीय प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर जवाहरलाल चौधरी, सुरेन्द्रसिंह राजपुरोहित, प्रीतमकुमार जाखड़, उपखण्ड अधिकारी पंकज कुमार जैन, तहसीलदार कृष्णपाल सिंह और पटवार संघ की जिला कार्यकारिणी सदस्य कुलदीप विश्नोई, मनीष टोडावत, महिपाल जाखड़, मोहनसिंह सहित अन्य उपस्थित थे। इस अवसर पर कलेक्टर परिसर स्थित गांधी पार्क को राजस्थान पटवार संघ जिला शाखा जोधपुर ने गोद लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश