चिकित्सालय में रोगियों के प्रति संवेदनशीलता जरूरी: कुलगुरु प्रो. शुक्ल

 


जोधपुर, 18 सितम्बर (हि.स.)। डॉ. एसआर राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद (पीजीआईए) जोधपुर में वर्ष 2021 बैच के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा- बेंच टू बेडसाइड विषयक इंटर्नशिप ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 25 सितंबर तक आयोजित होगा। पीजीआईए विश्वविद्यालय का प्रमुख शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान है।

कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविंद सहाय शुक्ल मुख्य संरक्षक के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ पीजीआईए के प्राचार्य प्रो. चंदन सिंह, डीन आयुर्वेद संकाय प्रोफेसर गोविंद प्रसाद गुप्ता, वरिष्ठ प्रोफेसर प्रो. महेंद्र कुमार शर्मा तथा संजीवनी आयुर्वेद चिकित्सालय की अधीक्षक प्रोफेसर ए. नीलिमा रेड्डी उपस्थित रहीं। कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविंद सहाय शुक्ल ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि इंटर्नशिप आयुर्वेद विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के व्यावहारिक पक्ष को समझने का महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को रोगी की वास्तविक चिकित्सा एवं सेवा से जोडऩे पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि बेंच टू बेडसाइड की भावना के साथ विद्यार्थियों को अस्पताल में रोगियों के प्रति संवेदनशीलता, अनुशासन, चिकित्सकीय नैतिकता तथा जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए। इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न विभागों में कार्य करते हुए रोगी परीक्षण, निदान, उपचार पद्धति, चिकित्सकीय व्यवहार तथा टीमवर्क का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करना चाहिए।

कार्यक्रम का स्वागत भाषण डॉ आशा के पी ने दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को इंटर्नशिप की कार्यप्रणाली, अस्पताल में उनकी भूमिका, विभिन्न विभागों में प्रशिक्षण तथा नैदानिक दायित्वों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशा के. पी, डॉ. हेमन्त राजपुरोहित, डॉ. मनीष यादव, डॉ. मैत्री, डॉ.योगिता, डॉ. साक्षी, डॉ. कोमल आर्य, डॉ. शीनम , डॉ. प्रियंका , डॉ. सभ्यता एवं डॉ. मयूराक्षी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में पीजीआईए के प्राचार्य प्रो. चंदन सिंह ने कुलगुरु , समस्त अतिथियों, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश