चिकित्सा सेवा के लिए समर्पण जरूरी: प्रो. शुक्ल

 




आयुर्वेद विवि में 6 दिवसीय इंटर्नशिप ओरिएंटेशन कार्यक्रम का समापन

जोधपुर, 26 सितम्बर (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के पीजीआईए में आयोजित 6 दिवसीय इंटर्नशिप ओरिएंटेशन कार्यक्रम 2026 का समापन हो गया है। एनसीआईएसएम नई दिल्ली की गाइडलाइन के अनुसार इंटर्नशिप ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन करवाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्नातक विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के दौरान चिकित्सकीय, व्यावहारिक, प्रशासनिक एवं व्यावसायिक दायित्वों के प्रति जागरूक एवं सक्षम बनाना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविंद सहाय शुक्ल की गउपस्थिति में संपन्न हुआ। छह दिवसीय कार्यक्रम के दौरान इंटर्न विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यावसायिक विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावहारिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में टीम एक्टिविटीज एवं टीम बिल्डिंग, आयुष चिकित्सा में उद्यमिता एवं एंटरप्रोनरशिप,आयुष चिकित्सा की प्रैक्टिस कैसे की जाए, चिकित्सकीय प्रिस्क्रिप्शन लिखने की उचित प्रक्रिया, मेडिको-लीगल एस्पेक्ट्स, फार्मेसी बुक एवं आवश्यक रिकॉर्ड्स का रख-रखाव, अस्पताल एवं क्लिनिकल सेटअप में पेशेंट केयर, चिकित्सकीय दायित्व एवं व्यावहारिक चुनौतियों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के दौरान व्यवहारिक कौशल, चिकित्सकीय अनुशासन, रोगी के प्रति संवेदनशीलता, रिकॉर्ड मेंटेनेंस, टीमवर्क तथा भविष्य में स्वतंत्र आयुष प्रैक्टिस के लिए आवश्यक बुनियादी पहलुओं से अवगत कराया गया। विभिन्न सत्रों में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही तथा प्रश्नोत्तर एवं संवाद के माध्यम से उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कुलगुरु प्रोफेसर शुक्ल ने इंटर्नशिप को चिकित्सा शिक्षा से व्यावहारिक चिकित्सकीय जीवन की ओर बढऩे वाला महत्वपूर्ण चरण बताया तथा विद्यार्थियों को समर्पण, अनुशासन, मानवीय संवेदना एवं नैतिक मूल्यों के साथ चिकित्सा सेवा करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर डीन, फैकल्टी ऑफ़ आयुर्वेद प्रोफेसर गोविंद प्रसाद गुप्ता, कार्यवाहक प्राचार्य एवं मेडिकल सुप्रिटेंडेंट प्रो. (डॉ.) ए. नीलिमा, परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजाराम अग्रवाल, आईटी इंचार्ज प्रो. हरीश कुमार सिंघल, डॉ आशा के पी, डॉ अरुणा तिवारी एवं डॉ अमित गहलोत सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य एवं स्नातकोत्तर अध्येता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश