चारधाम यात्रा के नाम पर साइबर ठगी से सावधान: राजस्थान पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

 


जयपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। आगामी चारधाम यात्रा सीजन को देखते हुए राजस्थान पुलिस साइबर क्राइम शाखा ने श्रद्धालुओं और आमजन के लिए विस्तृत साइबर सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में यात्रा के नाम पर बढ़ रही ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर क्राइम) वी.के. सिंह के निर्देशों के बाद जारी इस एडवाइजरी का उद्देश्य चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर टिकट, होटल बुकिंग और वीआईपी दर्शन के नाम पर होने वाली साइबर धोखाधड़ी से बचाना है।

डीआईजी साइबर क्राइम शांतनु कुमार सिंह ने कहा कि श्रद्धालु केवल सरकारी या अधिकृत वेबसाइट और प्रमाणित ट्रैवल एजेंट के माध्यम से ही बुकिंग करें। उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक और इंस्टाग्राम पर सस्ते पैकेज या त्वरित दर्शन के नाम पर चल रहे विज्ञापन अधिकतर फर्जी होते हैं।

एडवाइजरी में कहा गया है कि किसी भी अज्ञात कॉल पर बैंक डिटेल, यूपीआई या कार्ड संबंधी जानकारी साझा न करें और न ही किसी अनजान लिंक या कॉल पर भुगतान करें। साथ ही यात्रियों को सलाह दी गई है कि पैसे प्राप्त करने के नाम पर भेजे गए किसी भी क्यूआर कोड को स्कैन न करें, क्योंकि ऐसे मामलों में धोखाधड़ी की संभावना अधिक रहती है।

डिजिटल सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सार्वजनिक वाई-फाई के उपयोग से बचने की सलाह दी है, खासकर रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट या धर्मशालाओं में, क्योंकि इससे डेटा चोरी का खतरा रहता है। यात्रियों को एटीएम उपयोग करते समय भी सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर स्थित एटीएम का ही उपयोग करने की सलाह दी गई है।

मोबाइल सुरक्षा को लेकर एडवाइजरी में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) सक्रिय रखने और सार्वजनिक यूएसबी चार्जिंग पोर्ट के बजाय पावर बैंक का उपयोग करने पर जोर दिया गया है। यात्रा के दौरान अपनी लाइव लोकेशन केवल भरोसेमंद परिजनों के साथ साझा करने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा फर्जी कॉल्स, जैसे मंदिर समिति या पुलिस अधिकारी बनकर पैसे मांगने वालों से भी सावधान रहने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति या धन मांगने वाली कॉल की पुष्टि सीधे संबंधित व्यक्ति से करने की सलाह दी गई है।

धोखाधड़ी होने की स्थिति में श्रद्धालु तत्काल राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा साइबर हेल्पडेस्क नंबर 9256001930 और 9257510100 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

राजस्थान पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी ऑनलाइन ऑफर या बुकिंग पर बिना सत्यापन भरोसा न करें और सतर्क रहकर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश