चार शहरों का 45 पार, बाड़मेर 48 के करीब
जयपुर, 11 मई (हि.स.)। प्रदेश में भीषण गर्मी से जनजीवन बेहाल है। प्रदेश में चार शहरों का दिन का पारा 45 तो वहीं 4 शहरों रात का पारा 30 डिग्री के पार दर्ज किया गया। बाड़मेर का दिन का पारा 48 डिग्री के करीब पहुंच गया। आगामी समय में पश्चिम राजस्थान में पारे में और उछाल आने की संभावना है। सोमवार को हनुमानगढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। इससे आमजन को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 13 शहरों का दिन का तापमान 42 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। 47.3 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 33.8 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रहा। इसके अलावा चित्तौडग़ढ़, बीकानेर और जालोर का रात का पारा 30 डिग्री के पार दर्ज किया गया। प्रदेश के शहरों के तापमान में 2 से 4 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। भीषण गर्मी के बीच हनुमानगढ़ में सोमवार सुबह बारिश हुई। सुबह 6:45 बजे बारिश शुरू हुई, जो 1 घंटे तक जारी रही। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में अधिकतम तापमान 45-47 डिग्री के मध्य दर्ज किया जा रहा है। राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में आगामी दिनों में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आगामी 4-5 दिन हीटवेव व ऊष्णरात्री दर्ज होने की प्रबल संभावना है। दक्षिण-पूर्वी भागों में भी आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री के मध्य दर्ज होने व कहीं-कहीं हीटवेव, ऊष्णरात्री दर्ज होने की संभावना है। आगामी 48 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र जयपुर व भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ आंधी (40-50 किमी प्रतिघंटा) व हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। रविवार को राज्य में पश्चिमी भाग में मेघगर्जन व आंधी के साथ हल्की वर्षा दर्ज की गई। रविवार को सर्वाधिक सांगरिया (हनुमानगढ़) व टीबी (हनुमानगढ़) में 4 मिलीमीटर दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस सिरोही में दर्ज किया गया।
जयपुर में गर्मी अपना रंग दिखाने लगी है। जयपुर का पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच गया। आगामी 48 घंटों में जयपुर में आंधी-बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। जयपुर के अधिकतम तापमान में 0.7 और न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 39.9 और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों का पारा
शहर तापमान
बाड़मेर 47.3
फलौदी 46.8
जैसलमेर 46.5
बीकानेर 45.3
जोधपुर 44.9
चित्तौडग़ढ़ 44.2
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश