गोविंद देवजी मंदिर में गायत्री महायज्ञ के साथ होंगे विशेष संस्कार

 


जयपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। रविवार, 23 अगस्त को गोविंद देवजी मंदिर परिसर स्थित मंदिर कार्यालय के पास 'पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ' का भव्य आयोजन किया जाएगा। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में यह आयोजन श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के तहत एकादशी के पावन अवसर पर सुबह 8 से 10 बजे तक संपन्न होगा।

यज्ञ में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं को आहुति देने का अवसर मिलेगा। इसके लिए श्रद्धालुओं को स्वयं कोई यज्ञ सामग्री लाने की आवश्यकता नहीं है।

केक काटने और मोमबत्ती बुझाने के बजाय पंच तत्वों (जल, पृथ्वी, अग्नि, वायु, आकाश) का पूजन व पुष्प वर्षा कर जन्मदिन मनाया जाएगा। साथ ही एक बुराई त्यागने और एक अच्छाई अपनाने का संकल्प दिलाया जाएगा। सुखद दांपत्य जीवन के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह की कुछ प्रमुख क्रियाएं पुनः कराई जाएंगी और दंपती को एक-दूसरे को मान-सम्मान देने का संकल्प कराया जाएगा।

गर्भस्थ शिशु के सर्वांगीण विकास एवं सुसंस्कारों के लिए विशेष पुंसवन संस्कार भी कराया जाएगा।

रविवार या चालू सप्ताह में जिन भी श्रद्धालुओं का जन्मदिन अथवा विवाह दिवस है, वे इन संस्कारों में सम्मिलित हो सकते हैं। इसके अलावा बिना किसी विशेष संस्कार के भी आम श्रद्धालु इस महायज्ञ में भाग ले सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश