गोगामेड़ी मेले की तैयारियों को लेकर रेलखंड का निरीक्षण
बीकानेर, 19 अगस्त (हि.स.)। अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेन्द्र सिंह चौधरी ने बुधवार को बीकानेर-सादुलपुर-गोगामेड़ी रेलखंड का स्पिक यान से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलखंड में संरक्षा, ट्रैक की स्थिति, आरयूबी, आरओबी, सिग्नल एवं परिचालन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अपर मंडल रेल प्रबंधक ने मार्ग में आने वाले विभिन्न स्टेशनों एवं रेल परिसंपत्तियों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने रेल संचालन को सुरक्षित एवं सुचारू बनाए रखने के लिए व्यवस्थाओं को बेहतर रखने तथा कमियों को प्राथमिकता से दूर करने के निर्देश दिए।
गोगामेड़ी क्षेत्र में आगामी मेले के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए यात्री सुविधाओं, स्टेशन व्यवस्थाओं एवं परिचालन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा एवं सुचारू रेल संचालन के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर मंडल रेल प्रबंधक ने श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्री सुविधाओं, सुरक्षा, स्वच्छता, भीड़ प्रबंधन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, सूचना एवं उद्घोषणा प्रणाली तथा रेल टिकट की सुगम उपलब्धता के लिए टिकट खिड़कियां बढ़ाने सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों को मेले के दौरान आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को रेलवे स्टेशन एवं मेला क्षेत्र में सतत निगरानी रखने, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश दिए गए। सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े प्रत्येक पहलू पर विशेष सतर्कता बरतने पर भी जोर दिया गया।
अपर मंडल रेल प्रबंधक ने गोगामेड़ी एवं सादुलपुर रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर विभिन्न विकास एवं परिचालन कार्यों की समीक्षा की। गोगामेड़ी स्टेशन पर स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, टिकट बुकिंग कार्यालय, पैनल कक्ष सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश मांझी, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) आदित्य लेघा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (दक्षिण) अमन अग्रवाल, मंडल इंजीनियर (संकेत एवं दूरसंचार) अखिल गुप्ता सहित रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव