गोगा पीर मेले के दौरान सरसावा में रुकेगी बाड़मेर-ऋषिकेश एक्सप्रेस

 


जोधपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। अंबाला मंडल के सरसावा में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध गोगा पीर मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने 2 सितंबर तक ऋषिकेश-बाड़मेर-ऋषिकेश एक्सप्रेस का सरसावा रेलवे स्टेशन पर एक मिनट का अस्थाई ठहराव देने का निर्णय लिया है।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि धार्मिक आस्था के प्रतीक इस मेले के दौरान सरसावा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। इसे देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए दोनों ट्रेनों को तीन दिनों के लिए अस्थाई ठहराव प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 14887 ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस 2 सितंबर तक सरसावा स्टेशन पर रात्रि 11.32 बजे पहुंचेगी तथा 11.33 बजे रवाना होगी। वहीं ट्रेन संख्या 14888 बाड़मेर-ऋषिकेश एक्सप्रेस का इस अवधि में प्रात: 5.27 बजे आगमन तथा 5.28 बजे प्रस्थान होगा। यह व्यवस्था 2 सितंबर तक प्रभावी रहेगी।

लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को सुविधा देने के लिए दिल्ली सराय रोहिल्ला-जोधपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला सालासर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त एसी टू टियर कोच अस्थाई रूप से लगाने का निर्णय लिया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 22421/22422 में एक ट्रिप के लिए एसी टू टियर श्रेणी का अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा। यह कोच दिल्ली सराय रोहिल्ला से 31 अगस्त और जोधपुर से 1 सितंबर को संचालित होने वाली ट्रेन में लगाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश