गंभीरी नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत, तीसरे ने तैरकर बचाई जान

 




भरतपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। जिले के गहनोली मोड़ थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर गंभीरी नदी में नहाने गए तीन दोस्तों में से दो की डूबने से मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया। घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान में दोनों युवकों के शव नदी से बाहर निकाले गए।

पुलिस के अनुसार, रूपवास थाना क्षेत्र के ओडेल गद्दी गांव निवासी साहिल, मोहम्मद और जम्मू दोपहर करीब दो बजे गंभीरी नदी में नहाने पहुंचे थे। नहाते समय तीनों युवक नदी के गहरे हिस्से में चले गए। काफी देर तक तैरने के कारण वे थक गए और बाहर निकलने का प्रयास करने लगे।

इस दौरान जम्मू किसी तरह तैरकर किनारे पहुंच गया, लेकिन साहिल और मोहम्मद नदी से बाहर नहीं निकल सके और पानी में डूब गए। सुरक्षित बाहर आने के बाद जम्मू ने तुरंत परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। करीब 30 मिनट तक चले सर्च अभियान के बाद दोनों युवकों के शव नदी से बरामद कर लिए गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए रूपवास अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में हाल की बारिश के कारण गंभीरी नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था, जिससे नदी में बहाव और गहराई सामान्य से अधिक थी। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / भरतपुर