खेजड़ली उत्सव के तहत 11 हजार खेजड़ी पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

 


बीकानेर, 05 जुलाई (हि.स.)। खेजड़ली उत्सव के अंतर्गत रविवार को सुजानदेसर स्थित काली माता मंदिर के निकट एक साथ 11 हजार खेजड़ी पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन का संदेश दिया गया। बीकानेर वैचारिक जागरण मंच की ओर से आयोजित इस अभियान में विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

अभियान में स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय (एसकेआरएयू), बीकानेर के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के विद्यार्थियों ने भी सक्रिय भागीदारी की। विद्यार्थियों ने पौधरोपण के साथ पौधों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संकल्प लिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अनुसंधान निदेशक डॉ. एन.के. शर्मा ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। छात्र कल्याण निदेशक डॉ. एच.एल. देशवाल ने कहा कि खेजड़ी राजस्थान की जीवनरेखा और मरुस्थलीय पारिस्थितिकी का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। ऐसे अभियान युवाओं में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करते हैं।

कृषि महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सी.पी. मीणा तथा सामुदायिक महाविद्यालय की डॉ. ममता सिंह ने विद्यार्थियों से अधिकाधिक पौधरोपण करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पौधों की सुरक्षा और हरित पर्यावरण के निर्माण का संकल्प भी लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव