खुशहाल भविष्य के लिए जल संरक्षण जरूरी : पाराशर
धौलपुर, 01 जून (हि.स.)। राजस्थान सरकार के महत्वाकांक्षी वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के अंतर्गत सोमवार को खेल विभाग द्वारा जिले में जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में विभिन्न खेल संगठनों के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जल संरक्षण का संदेश दिया। जागरुकता रैली को भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सत्येंद्र पाराशर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए सत्येंद्र पाराशर ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं खुशहाल भविष्य के लिए जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जल संकट एक गंभीर वैश्विक चुनौती बनता जा रहा है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को पानी के महत्व को समझते हुए इसके संरक्षण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे वर्षा जल संचयन को अपनाएं, जल स्रोतों को स्वच्छ रखें तथा अनावश्यक जल व्यर्थ होने से रोकें। रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां खिलाड़ियों ने जल संरक्षण से संबंधित नारे लगाकर आमजन को जल बचाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया। डिप्टी फिजिकल बृजेंद्र कोली ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खिलाड़ी समाज के लिए प्रेरणा स्रोत होते हैं और उन्हें सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों द्वारा अभियान में दिखाई गई सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह यादव, खेल विभाग के अमृतलाल, मोहम्मद जाकिर हुसैन एवं संदीप राना सहित विभिन्न खेल संगठनों के खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप