कोटा में डीपीएनजी कनेक्शन जारी करने की गति होगी तीन-चार गुना तेज
जयपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान स्टेट गैस लिमिटेड ने कोटा शहर में पाइपलाइन से घरेलू गैस (डीपीएनजी) कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया में बड़ा विस्तार करने का निर्णय किया है। कंपनी अब प्रतिदिन जारी होने वाले कनेक्शनों की संख्या को औसतन तीन से चार गुना तक बढ़ाने की दिशा में काम करेगी।
कंपनी के प्रबंध निदेशक विनय पाटनी ने कार्यभार संभालने के बाद पहली बार अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद करते हुए यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में आधारभूत संरचना विकसित हो चुकी है, वहां अधिक से अधिक लोगों को डीपीएनजी सुविधा से जोड़ने के प्रयास तेज किए जाएं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में कंपनी प्रतिदिन औसतन 50 से 60 डीपीएनजी कनेक्शन जारी कर रही है, जिसे बढ़ाकर 150 से 200 प्रतिदिन तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।
साथ ही उन्होंने कोटा के नागरिकों से अपील की कि वे पारंपरिक एलपीजी की बजाय पाइपलाइन आधारित गैस सुविधा से जुड़ें, जो सस्ती, सुरक्षित, पर्यावरण अनुकूल और 24x7 उपलब्ध है।
एमडी पाटनी ने फील्ड अधिकारियों को निर्देश दिए कि होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट सहित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर पीएनजी कनेक्शन को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयों को भी इस सुविधा से जोड़ने से स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उप महाप्रबंधक विवेक श्रीवास्तव और विवेक रंजन ने उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया। वहीं कोटा के उपमहाप्रबंधक सीपी चौधरी ने बताया कि डीपीएनजी कनेक्शन बढ़ाने के लिए शहर में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
इस बैठक में जयपुर, कोटा, नीमराणा, ग्वालियर और कूकस के अधिकारी भी शामिल हुए। कंपनी का मानना है कि इस पहल से स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा और आमजन के लिए गैस आपूर्ति अधिक सुविधाजनक और किफायती बनेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित