कृषि विश्वविद्यालय मानसून से पहले व्यापक स्तर पर थार शोभा खेजड़ी तैयार करेगा
बीकानेर, 04 जून (हि.स.)। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय द्वारा इस वर्ष मानसून से पहले व्यापक स्तर पर थार शोभा खेजड़ी तैयार की जाएगी। कुल गुरु डॉ राजेंद्र बाबू दुबे ने कृषि विज्ञान केंद्रों, एआरएस, संबद्ध कृषि महाविद्यालयों , नर्सरी और अन्य यूनिट्स को कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
वीसी सभागार में इस संबंध में आयोजित बैठक में कुल गुरु डॉ दुबे ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा पौधारोपण के लिए मांग के अनुरूप थार खेजड़ी सहित अन्य पौधे समय पर तैयार कर लिये जाएं। प्रत्येक केवीके को थार खेजड़ी के पौधे तैयार करने के लक्ष्य दिए गए हैं। खेजड़ी के अलावा मोरिंगा, अनार, खजूर, किन्नू, जामुन सहित अन्य स्थानीय मांग के अनुरूप पौधे तैयार किए जाएंगे। कुलगुरु ने श्रीगंगानगर एआरएस को किन्नू माल्टा के गुणवत्ता युक्त पौधे तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्लाटिंग मेटेरियल विश्वविद्यालय की पहचान है। इसमें गुणवत्ता का ध्यान रखें।
कुलगुरु ने मानसून के दौरान व्यापक पौधारोपण करने के निर्देश देते हुए कहा कि पौधे लगाने के साथ-साथ सर्वाइवल रेट बढ़ाने के लिए समुचित रखरखाव के भी आवश्यक प्रबंध किया जाए। इसके लिए संबंधित यूनिट मानिटरिग सिस्टम बनाएं । विश्वविद्यालय परिसर में हरियाली नज़र आनी चाहिए।
रजिस्ट्रार डॉ देवाराम सैनी ने कहा कि परिसर में लगे पेड़ पौधों की रखरखाव की पूरी व्यवस्था की जाएं। खजूर के पौधों की मांग के अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। है। बैठक में अनुसंधान निदेशक डॉ एन के शर्मा सहित अन्य डीन डायरेक्टर्स उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव