कूरना, भांवरी और डेंडा को मिली विकास की सौगाते

 


पाली, 28 सितंबर (हि.स.)। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं सुमेरपुर विधायक जोराराम कुमावत ने सोमवार को विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर विकास कार्यों का लोकार्पण, शिलान्यास और भूमि पूजन किया। इस दौरान डेंडा ग्राम पंचायत में 298 लाख रुपये की लागत से तैयार 33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) का लोकार्पण किया गया।

दौरे की शुरुआत ग्राम पंचायत कूरना से हुई। यहां विधायक मद से ग्राम सेवा सहकारी समिति लिमिटेड में निर्मित नए कमरे का लोकार्पण किया गया। कूरना के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय और इसी ग्राम पंचायत के गिरवर गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विधायक मद से निर्मित टीन शेड का भी लोकार्पण किया गया। इन टीन शेड से विद्यार्थियों को धूप और बारिश के दौरान प्रार्थना सभा में सुविधा मिलेगी। इसके बाद मंत्री भांवरी ग्राम पंचायत पहुंचे, जहां राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन और पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया गया।

डेंडा में 298 लाख रुपये की लागत से निर्मित 33 केवी जीएसएस का उद्घाटन करते हुए मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि इससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और लो-वोल्टेज तथा ट्रिपिंग जैसी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।

पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। शिक्षा, बिजली, पानी और सहकारिता के क्षेत्र में ग्रामीण इलाकों को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी।

कार्यक्रमों में पाली प्रधान प्रतिनिधि पुखराज पटेल, पूर्व सांसद पुष्प जैन, सेवानिवृत्त एबीईओ रामलाल कुमावत, अपर लोक अभियोजक चैन सिंह सांखला, शिक्षाविद गिरधारी सिंह, विकास अधिकारी भगवान सिंह, गुंदोज मंडल के पूर्व महामंत्री यशवंत सैन, पाली तहसीलदार सुनील कुमार और डेंडा प्रशासक दिलीप सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर