कारगिल विजय दिवस पर विधानसभा में शहीदों को पुष्पांजलि : देवनानी ने पुष्पचक्र अर्पित किये

 




जयपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। कारगिल विजय दिवस पर रविवार को प्रातः यहां राजस्थान विधानसभा में कारगिल शौर्य वाटिका में निर्मित स्मारक स्थल पर स्पीकर वासुदेव देवनानी ने पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया। पश्चिम बंगाल विधान सभा के स्पीकर रथीन्द्र बोस, राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, विधायक गोपाल शर्मा, राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर और विधानसभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा सहित विधानसभा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पुष्प अर्पित कर शहीदों को नमन किया। आरएसी बटालियन के अधिकारियों ने सलामी दी।

विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस, सैनिकों के साहस, अनुशासन, बलिदान और राष्ट्रप्रेम को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि राजस्थान वीरों की धरती है। यहां के जवानों ने देश की रक्षा में सदैव अग्रणी भूमिका निभाई है। विधान सभा परिसर में कारगिल शौर्य वाटिका की स्थापना वीर सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान की स्मृतियों को जीवंत रखने की पहल है।

देवनानी ने विधान सभा परिसर में गत वर्ष कारगिल शौर्य वाटिका में 21 वीरांगनाओं के साथ सिंदूर, एरिका पाम, सांग ऑफ इण्डिया, किसना फाइकस और क्रोटोन प्रजाति के पौधे लगाये थे। भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सुंदरता के प्रतीक यह पौधे वायु प्रदूषण को भी कम करते हैं।

देवनानी ने बताया कि कारगिल युद्ध जो 1999 में कारगिल सेक्टर में लड़ा गया था, वह भारतीय सेना के साहस और बलिदान का महत्वपूर्ण उदाहरण है। शौर्य वाटिका इस युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की वीरता को समर्पित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव