कमजोर पड़ा मानसून, 10 शहरों में हल्की बारिश
जयपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में मानसून कमजोर पडऩे लगा है। इससे बारिश की गतिविधियों में कमी देखी जा रही है। सोमवार को प्रदेश के 10 शहरों में हल्की बारिश दर्ज की गई। आगामी तीन दिन बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। जयपुर में दिनभर छितराए बादल छाए रहे और धूप खिलने के साथ मध्यम गति की हवाएं चली। इससे पारे में हल्की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को बीसलपुर बांध में एक सेंटीमीटर पानी की आवक हुई। बांध का जलस्तर बढ़कर 314.05 आरएलमीटर दर्ज किया गया। वर्तमान में त्रिवेणी का जलस्तर 2.60 मीटर बना हुआ है। बारिश का दौर मंद पडऩे से त्रिवेणी का जलस्तर गिरता जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को बांसवाड़ा, चित्तौडग़ढ़, दौसा, डूंगरपुर, झालावाड़, प्रतापगढ़ और उदयपुर सहित कुछ अन्य स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में श्रीगंगानगर सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 39.4 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र वर्तमान में तीव्र होकर अवदाब बना गया है तथा इसके आगामी 24 घंटों में उत्तर-पश्चिम दिशा में गंगिया पश्चिम बंगाल, झारखंड व बिहार की ओर आगे बढऩे की संभावना है।
मानसून ट्रफ लाइन सोमवार को भी सामान्य से उत्तर की ओर (फिरोजपुर, मुजफ्फरनगर, पटना व अवदाब) से होकर गुजर रही है। राज्य के अधिकांश भागों में आगामी 2-3 दिन बारिश के गतिविधियों में कमी रहने की संभावना है। हालांकि, पूर्वी राजस्थान में छुटपुट स्थानों पर हल्की मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर संभाग के कुछ भागों में 20 से 23 अगस्त के दौरान हल्की मध्यम बारिश होने व शेष भागों में कमजोर बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी 4-5 दिन कमजोर मानसून परिस्थितियां रहने व अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, बीकानेर संभाग के उत्तरी भागों व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में 20 से 22 अगस्त के दौरान हल्की मध्यम बारिश हो सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश