एसआईटी गठन के बाद डॉक्टरों का आंदोलन स्थगित

 


जयपुर, 10 मई (हि.स.)। डॉ. सोनदेव बंसल के परिजनों के साथ कथित मारपीट के मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किए जाने के बाद जयपुर में चल रहा डॉक्टरों का आंदोलन रविवार को स्थगित कर दिया गया। आंदोलन समाप्त होने के साथ ही 7 मई की रात से बंद पड़े निजी अस्पतालों में मरीजों के उपचार की सुविधा फिर से शुरू हो गई है।

पुलिस की ओर से एसआईटी गठन की घोषणा के बाद इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), जयपुर मेडिकल एसोसिएशन (जेएमए) एवं प्राइवेट हॉस्पिटल्स एंड नर्सिंग होम्स एसोसिएशन (पीएचएनएचए) सहित विभिन्न चिकित्सा संगठनों के पदाधिकारियों की एसएमएस अस्पताल स्थित जेएमए सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक में आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया गया।

आईएमए राजस्थान के जोनल सचिव डॉ. अनुराग शर्मा ने बताया कि सभी संगठनों ने मरीजों की सुविधा को देखते हुए तत्काल प्रभाव से निजी अस्पतालों में चिकित्सा सेवाएं पुनः शुरू करने का निर्णय लिया है।

पीएचएनएचए के अध्यक्ष डॉ. विजय कपूर ने कहा कि चिकित्सा संगठनों को सरकार और न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि डॉ. सोनदेव बंसल और उनके परिवार को न्याय मिलने तक संगठन अपना विरोध जारी रखेंगे और मामले की प्रगति पर नजर बनाए रखेंगे।

डॉ. अनुराग शर्मा ने बताया कि इससे पूर्व चिकित्सा संगठनों का प्रतिनिधिमंडल पुलिस कमिश्नर से मिला था। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि कुछ वकीलों के समूह की ओर से लगातार धमकी, दबाव और हंगामे का माहौल बनाया जा रहा है तथा डॉ. बंसल की जमानत सुनवाई में भी व्यवधान उत्पन्न किया गया।

चिकित्सा संगठनों ने डॉक्टरों और उनके परिवारजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी गठित करने की मांग रखी, जिसे पुलिस कमिश्नर ने स्वीकार करते हुए तत्काल एसआईटी गठन की घोषणा की।

बैठक में आईएमए राजस्थान के जोनल सचिव डॉ. अनुराग शर्मा, जयपुर मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. जगदीश मोदी, सचिव डॉ. अनुराग तोमर तथा पीएचएनएचए के अध्यक्ष डॉ. विजय कपूर सहित विभिन्न चिकित्सा संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश