एम्स जोधपुर का दीक्षांत समारोह टला, अब ढाई माह बाद होगा
जोधपुर, 28 अपै्रल (हि.स.)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जोधपुर का 5वां दीक्षांत समारोह फिलहाल टाल दिया गया है। यह समारोह छह मई को प्रस्तावित था, लेकिन छात्रों के अनुरोध पर इसे स्थगित कर अब 16 जुलाई के बाद आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि आधिकारिक वेबसाइट पर नई तारीख अपडेट नहीं होने से विद्यार्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
एम्स परिसर में समारोह टलने को लेकर फैकल्टी इंटरेक्शन मीटिंग में चर्चा हुई, जिसके बाद कार्यकारी निदेशक ने एकेडमिक डीन को ईमेल के जरिए तय तिथि पर समारोह आयोजित नहीं करने के निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि 15 मई को होने वाली पीजी प्रवेश परीक्षा के कारण बड़ी संख्या में छात्रों ने समारोह की तारीख आगे बढ़ाने का आग्रह किया था। इसी को देखते हुए प्रशासन ने यह फैसला लिया।
दीक्षांत समारोह में 2018, 2019 और 2020 बैच के एमबीबीएस, 2020 व 2021 बैच के नर्सिंग, एमडी-एमएस, डीएम-एमसीएच, एमएससी मेडिकल, एमएससी नर्सिंग, एमपीएच, पीएचडी तथा मेड टेक 2023 बैच के विद्यार्थियों को डिग्री और मेडल प्रदान किए जाने थे। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल को आमंत्रित किया गया था।
एम्स के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. जीवनराम बिश्नोई ने बताया कि छात्रों के अनुरोध पर दीक्षांत समारोह स्थगित किया गया है। संशोधित कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश