एमडीएम हॉस्पिटल में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार
जोधपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। जोधपुर मानव सेवा ट्रस्ट की प्रेरणा एवं सहयोग से मथुरादास माथुर अस्पताल में मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए निर्मित दो महत्वपूर्ण जनोपयोगी परियोजनाओं शान्ति देवी ओझा स्मृति नाक, कान, गला (ईएनटी) वार्ड ए यूनिट एवं श्रीमती सोनी देवी एवं चोलाराम परिहार विश्रामालय/वेटिंग हॉल का शनिवार को लोकार्पण किया गया।
जोधपुर मानव सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष घनश्याम ओझा ने बताया कि रामधाम खेड़ापा के महंत आचार्य पुरुषोत्तम दास महाराज, बड़ा रामद्वारा सूरसागर के महंत संत रामप्रसाद महाराज एवं लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाशचन्द्र के सानिध्य में आयोजित हुए इस कार्यक्रम में विधायक अतुल भंसाली और डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बीएस जोधा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
जोधपुर मानव सेवा ट्रस्ट के सचिव शिवनारायण मूंदड़ा ने बताया कि ने बताया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भामाशाह पूर्व महापौर घनश्याम ओझा की पहल पर उनके परिवार के रामप्रसाद ओझा, रामकिशोर ओझा, कैलाश ओझा, राकेश ओझा, राजेश ओझा एवं रामदेव ओझा ने लगभग 60 लाख रुपये की लागत से शान्ति देवी ओझा स्मृति में वार्ड ए यूनिट अत्याधुनिक ईएनटी वार्ड का निर्माण कराया है।
इस वार्ड में नाक, कान एवं गला रोगों से पीडि़त मरीजों और ईएनटी से संबंधित कैंसर रोगियों को आधुनिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि ईएनटी वार्ड में 11 महिला, 14 पुरुष व तीन आइसोलेशन बेड सहित कुल 28 बेड, डॉक्टर ड्यूटी रूम, नर्सिंग स्टेशन, आधुनिक शौचालय सुविधाएं, प्रत्येक बेड पर आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं तथा एयर कंडीशनिंग व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। ट्रस्ट की ओर से पूरा फर्नीचर बेड, बैड साइड लॉकर, ओवर बेड टेबल, स्टील स्टूल, 3 अलमारी और स्टोर के लिए चार रेक्स दी गई, साथ ही वार्ड के सभी बेड पर ऑक्सीजन लाइन की भी फिटिंग की गई है।
जोधपुर मानव सेवा ट्रस्ट अध्यक्ष घनश्याम ओझा ने बताया कि जोधपुर संभाग के सबसे बड़े इस सरकारी अस्पताल में मरीजों के परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्रीमती सोनी देवी एवं चोलाराम परिहार की स्मृति में लगभग 15 लाख रुपये की लागत से आधुनिक विश्रामालय एवं वेटिंग हॉल का निर्माण कराया गया है। विश्रामालय में 30 बेंच, विशाल कवर्ड शेड, शुद्ध पेयजल के लिए वाटर कूलर, पर्याप्त पंखों की व्यवस्था तथा फ्लावर पॉट लगाए गए हैं, जिससे मरीजों के परिजनों को गर्मी, सर्दी एवं बरसात के मौसम में आरामदायक प्रतीक्षा स्थल उपलब्ध हो सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश