एकादशी पर पंचतीर्थ स्नान के साथ पुष्कर का पांच दिवसीय धार्मिक मेला शुरू, सरोवर के घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
अजमेर, 20 नवंबर (हि.स.)। तीर्थराज पुष्कर में कार्तिक मास की देवउठनी एकादशी पर शुक्रवार को पंचतीर्थ स्नान के साथ पांच दिवसीय धार्मिक मेले का आगाज हो गया। पवित्र पुष्कर सरोवर के घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। देशभर से आए श्रद्धालुओं ने सरोवर में आस्था की डुबकी लगाकर जगतपिता ब्रह्मा मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। एकादशी के अवसर पर गाजे-बाजे के साथ भव्य आध्यात्मिक यात्रा भी निकाली गई।
पंचतीर्थ स्नान के लिए गुरुवार शाम से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। शुक्रवार अलसुबह मुख्य घाटों पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। गऊघाट, ब्रह्मघाट, बद्रीघाट, वराहघाट, तरणीघाट और सावित्री घाट सहित सरोवर के विभिन्न घाटों पर दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। सरोवर के घाटों के साथ बाजारों और ब्रह्मा मंदिर में भी काफी चहल-पहल रही। धार्मिक स्नान के साथ पुष्कर मेले में पशुओं की रवानगी भी तेज होने लगी है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार कार्तिक एकादशी से पूर्णिमा तक पुष्कर सरोवर में पंचतीर्थ स्नान का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इसी अवधि में जगतपिता ब्रह्मा ने अपनी पत्नी गायत्री के साथ पुष्कर में यज्ञ किया था और इस दौरान सभी देवी-देवताओं का यहां आगमन हुआ था। इसी कारण इन पांच दिनों में सरोवर में स्नान और पूजा-अर्चना को विशेष पुण्यदायी माना जाता है।
गुरुद्वारे से निकली भव्य आध्यात्मिक यात्रा
पुष्कर मेला 2026 के तहत एकादशी पर शुक्रवार सुबह गुरुद्वारे से भव्य आध्यात्मिक यात्रा निकाली गई। संभागीय आयुक्त शक्तिसिंह राठौड़, रामसखा आश्रम के महंत नंदाराम महाराज, सैनाचार्य अचलानंद महाराज, पाठकजी महाराज और सभापति राजेंद्र बाकोलिया ने पूजा-अर्चना कर यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विद्वान ज्योतिषाचार्य पंडित कैलाशनाथ दाधीच के सानिध्य में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। स्कूली बच्चों ने अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया।
सुबह नौ बजे शुरू हुई यात्रा नया रंगजी मंदिर, सूर्य चौक, वराह घाट चौक, बद्री घाट, गऊघाट, ब्रह्म चौक और ब्रह्मा मंदिर होते हुए कपालेश्वर तिराहे से मेला मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में विभिन्न संस्थाओं, संगठनों और विद्यालयों की ओर से आकर्षक झांकियां सजाई गईं। जगह-जगह पुष्पवर्षा और स्वागत के साथ यात्रा का अभिनंदन किया गया। मेला मैदान में साधु-संतों का स्वागत कर उनका आशीर्वाद लिया गया। यात्रा में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालचंद कायल, सीओ ग्रामीण सत्येंद्रसिंह नेगी, सीआई अशोक कुमार बिशु, नगर परिषद आयुक्त रेखा जैसवानी, देवस्थान विभाग के संयुक्त निदेशक गिरीश बच्चानी सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
देवउठनी एकादशी से मांगलिक आयोजनों की धूम
देवउठनी एकादशी के साथ ही शुक्रवार से मांगलिक कार्यों की शुरुआत भी हो गई। अबूझ सावे के चलते तीर्थनगरी में विवाह समारोहों की धूम रही। कस्बे में शादी-ब्याह, नए मकानों में गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक आयोजन शुरू हो गए। धार्मिक मेले के साथ विवाह समारोहों ने भी पुष्कर के बाजारों और प्रमुख मार्गों पर रौनक बढ़ा दी।
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष