उपभोक्ताओं की समस्या के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता : सिंह

 


धौलपुर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। धौलपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता के रूप में गोविन्द सिंह ने अपना नया पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालने के बाद सिंह ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय में डिस्कॉम के अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। अपनी प्राथमिकताओं के संबंध में सिंह ने बताया कि बिजली उपभोक्ताओं की समस्या का त्वरित एवं प्रभावी समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उपभोक्ता हित सर्वोपरि रखते हुए पारदर्शी व्यवस्था के तहत कार्य किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए है कि सभी कार्य उत्तरदायित्व और निष्पक्षता के साथ किए जाएं। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्‍त नहीं की जाएगी। सिंह ने डिस्कॉम के बिजली निगम के उच्च अधिकारियों के निर्देशों पर चल रहे विभिन्न अभियानों तथा जनोपयोगी योजनाओं के क्रियाान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही राजस्व वसूली में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने जिले के विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 33 केवी जीएसएस पर आयोजित होने वाले समस्या समाधान शिविरों में भाग लेकर अपनी समस्याओं का निस्तारण कराएं। बिजली उपभोक्ता इन शिविरों के माध्यम से अपने त्रुटिपूर्ण बिजली बिलों का समय पर सुधार करा सकते हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से यह भी अपील की है कि उपभोक्ता बिजली बिलों का भुगतान समय पर करें तथा बिजली की चोरी ना करें। बताते चलें कि बीते दिनों भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने धौलपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता आरके वर्मा तथा एक उनके सहयोगी तकनीकी सहायक नरेन्द्र सिंह को एक लाख 75 हजार रुपयेे की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद में आरके वर्मा तथा तथा नरेन्द्र सिंह को निलंबित किया गया था। अधक्षण अभियंता का पद रिक्त होने पर बिजली निगम के जोनल मुख्य अभियंता ने बाडी के अधिशाषी अभियंता गोविन्द सिंह को धौलपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता का पदभार ग्रहण करने के आदेश दिए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप