उदयपुर रेंज में पुलिस अधिकारियों का बड़ा फेरबदल, डूंगरपुर में 18 नए अधिकारी तैनात
डूंगरपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव ने रेंज में बड़े स्तर पर पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं। जारी आदेश के तहत रेंज में कुल 56 पुलिस निरीक्षकों (सीआई) और 49 उपनिरीक्षकों (एसआई) का स्थानांतरण किया गया है। इस फेरबदल का डूंगरपुर जिले पर भी व्यापक असर पड़ा है। जिले से 13 अधिकारियों का तबादला किया गया है, जबकि 18 नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।
आदेश के अनुसार डूंगरपुर जिले से छह पुलिस निरीक्षकों का अन्य जिलों में स्थानांतरण किया गया है। इनमें साइबर थाना प्रभारी गिरधारी सिंह को राजसमंद, कैलाश सोनी को प्रतापगढ़, अनिल कुमार को सलूंबर तथा मदनलाल, अजय सिंह और परमेश्वर पाटीदार को उदयपुर भेजा गया है। वहीं जिले में 10 नए पुलिस निरीक्षकों की नियुक्ति की गई है। इनमें उदयपुर से चंद्रशेखर, मुकेश मेघवाल, श्याम सिंह और सुरेश विश्नोई, चित्तौड़गढ़ से संगीता बंजारा, बांसवाड़ा से तेज सिंह और रामेशलाल, जयपुर पुलिस आयुक्तालय से विनोद कुमार और नारायणलाल तथा सीआईडी-सीबी से हिमांशु सिंह को डूंगरपुर में पदस्थापित किया गया है।
उपनिरीक्षक स्तर पर भी व्यापक बदलाव किया गया है। जिले से सात उपनिरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है। इनमें खेमराज, सकाराम, सोमेश्वर और मीना कुमारी को उदयपुर, मोहनलाल और मोहम्मद रिजवान को बांसवाड़ा तथा मणिलाल को सलूंबर भेजा गया है। डूंगरपुर जिले में आठ नए उपनिरीक्षकों की तैनाती की गई है। इनमें बांसवाड़ा से कांतिलाल, लक्ष्मणलाल और कालूलाल, चित्तौड़गढ़ से अमृतलाल, उदयपुर से रमेशचंद, सुशीला देवी और देवेंद्र सिंह तथा प्रतापगढ़ से नारायणलाल को डूंगरपुर में नियुक्त किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष