उदयपुर में ‘भारतात्मा वेद पुरस्कार’ समारोह में हुआ विशिष्ट वेद विद्वानों का सम्मान
उदयपुर, 25 नवम्बर (हि. स.)। विश्व हिंदू परिषद के दिवंगत अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष स्व. अशोक सिंघल की स्मृति में स्थापित प्रतिष्ठित ‘भारतात्मा वेद पुरस्कार’ समारोह बुधवार को स्थानीय आर.एन.टी. मेडिकल कॉलेज सभागार में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। सिंघल फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित समारोह में वेदों के अध्ययन, अध्यापन, संरक्षण और प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान देने वाले देश के विशिष्ट वेद विद्वानों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया।
वैदिक क्षेत्र के प्रमुख राष्ट्रीय सम्मानों में शुमार इन पुरस्कारों के अंतर्गत चार श्रेणियों में सम्मान प्रदान किए गए। वेदों के संरक्षण और संवर्धन में विशिष्ट योगदान के लिए श्री सन्निधानम् वेंकट श्रीकृष्णानन्द वाचस्पति, श्री डी. नारायण शर्मा तथा श्री जगद्गुरु वेद काव्य विद्या भवनम् ट्रस्ट को पुरस्कृत किया गया। वहीं, वेदों के क्षेत्र में आजीवन समर्पित सेवाओं के लिए वरिष्ठ विद्वान श्री फड़के दिनकर माधव को ‘वेदार्पित जीवन’ पुरस्कार से नवाजा गया।
सिंघल फाउंडेशन के ट्रस्टी सलिल सिंघल ने बताया कि वर्ष 2017 से प्रतिवर्ष प्रदान किए जा रहे इन पुरस्कारों का मुख्य उद्देश्य वैदिक परंपरा को जीवंत रखने वाली प्रतिभाओं और संस्थानों को प्रोत्साहित करना है। यह पुरस्कार चार श्रेणियों उत्कृष्ट वेद विद्यार्थी (3 लाख रुपये), आदर्श वेद अध्यापक (5 लाख रुपये), उत्तम वेद विद्यालय (7 लाख रुपये) और वेदार्पित जीवन (5 लाख रुपये) के अंतर्गत प्रदान किए जाते हैं। समारोह में बड़ी संख्या में विद्वतजन, शोधार्थी और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता