उत्तरी हवाओं से बढ़ी सर्दी, प्रदेश के 13 शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे
जयपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तरी हवाओं के प्रभाव से राजस्थान में सर्दी का असर लगातार बना हुआ है। प्रदेश के 13 शहरों में रविवार को रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। माउंट आबू चार डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहीं, पूर्वी राजस्थान के जयपुर सहित कुछ शहरों में पिछले दो दिनों से छाए हल्के बादलों के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और उत्तरी हवाओं के चलते तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार माउंट आबू में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर में छह, फतेहपुर में 6.2 और नागौर में 6.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। इसके अलावा अजमेर, भीलवाड़ा, चूरू, डबोक, पिलानी, वनस्थली, सिरोही, करौली और लूणकरणसर में भी रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। दूसरी ओर बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 31.2 और न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जयपुर में रविवार को दिनभर हल्के बादल छाए रहे। बादलों के बीच धूप की आवाजाही के साथ मध्यम गति की हवाएं चलती रहीं। इसके चलते राजधानी के अधिकतम तापमान में 2.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर में अधिकतम तापमान 24.7 और न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तरी हवाओं के प्रभाव से रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश