उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति की अंतिम तिथि 30 अप्रैल तक बढ़ी, विद्यार्थियों को राहत

 


जयपुर, 27 मार्च (हि.स.)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2025–26 की उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 अप्रैल कर दी है। पहले यह तिथि 31 मार्च निर्धारित थी।

विभाग के निदेशक एवं संयुक्त शासन सचिव आशीष मोदी ने बताया कि शिक्षण संस्थानों के पंजीयन-नवीनीकरण, कोर्स मैपिंग, मान्यता अपडेट और फीस स्ट्रक्चर अपलोड सहित विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए यह निर्णय किया गया है।

उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है, जहां विद्यार्थी आसानी से आवेदन कर सकते हैं।

विभाग ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे बढ़ाई गई समयसीमा का लाभ उठाते हुए निर्धारित अवधि में आवेदन और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर लें, ताकि किसी भी पात्र छात्र को योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े।

यह निर्णय उन विद्यार्थियों के लिए राहत भरा है, जो किसी कारणवश निर्धारित समय सीमा में आवेदन नहीं कर पाए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित