उत्तर पश्चिम रेलवे ने किया एक दिन, एक घंटा, एक साथ विशेष स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन

 


जयपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)।

स्वच्छता के साथ सफाईकर्मियों के स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूकता का संदेश

रेल परिसरों और ट्रेनों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे पर 1 अक्टूबर को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक सहित मुख्यालय एवं चारों मंडलों के वरिष्ठ अधिकारियों, मंडल रेल प्रबंधकों, रेल कर्मचारियों तथा अन्य स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न रेलवे परिसरों में श्रमदान किया।

जयपुर स्टेशन पर आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने स्काउट एवं गाईड की रैली को हरी झंडी दिखाकर स्वच्छता प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मिलकर स्वच्छता गतिविधियों में भाग लिया तथा श्रमदान कर रेलवे परिसर एवं रेलगाडियों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। इसके अतिरिक्त सफाईकर्मियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने एवं स्वास्थ्य चैक अप के लिए लगाये गये शिविर का भी उदघाटन कर सफाई कर्मियों से संवाद किया तथा उनकी दिन प्रतिदिन की कार्य प्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने कहा कि स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। रेलवे का विशाल नेटवर्क है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री रेलवे स्टेशनों एवं परिसरों का उपयोग करते हैं। इसलिए हमारी विशेष जिम्मेदारी रहती है कि हम रेलवे परिसर में यात्रियों को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा वातावरण प्रदान करे। इसके साथ ही हम इसमें यात्रियों की सहभागिता सुनिश्चित कर इसमें सभी का सहयोग प्राप्त करे तभी हम बेहतर अनुभव प्रदान करने के लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।

उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय एवं प्रमुख रेलवे स्टेशनों सहित जयपुर, अजमेर, बीकानेर और जोधपुर मंडलों में एक साथ विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री सुविधाओं, कार्यालय परिसरों तथा आसपास के क्षेत्रों में सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रमुख स्टेशनों पर भी प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, प्रतीक्षालय, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग स्थल, स्टेशन भवन के आसपास के क्षेत्र तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों की सफाई की गई। रेलवे कर्मचारियों ने कचरे को एकत्र कर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए।

“एक दिन, एक घंटा, एक साथ” कार्यक्रम ने अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को एक साथ जोड़ते हुए यह संदेश दिया कि सामूहिक प्रयासों से रेलवे परिसरों एवं रेलगाडियों को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर बनाया जा सकता है। उत्तर पश्चिम रेलवे यात्रियों से भी अपील करता है कि वे रेलवे परिसर एवं रेलगाडियों में स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें और स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश