उत्तर पश्चिम रेलवे : जोधपुर-जम्मू सीधी ट्रेन होगी बहाल, आरक्षण शुरू

 


जोधपुर, 22 मार्च (हि.स.)। गर्मी की छुट्टियों से पहले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने भगत की कोठी-जम्मूतवी एक्सप्रेस को एक अप्रैल से पुन: अपने पूर्ण मार्ग पर संचालित करने का निर्णय लिया है, जिससे जोधपुर से जम्मू जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि पिछले वर्ष भारी बारिश के कारण ब्रिज संख्या-17 में आई तकनीकी खराबी के चलते ट्रेन संख्या 14803/14804 भगत की कोठी-जम्मूतवी-भगत की कोठी एक्सप्रेस को पठानकोट रेलवे स्टेशन से जम्मूतवी रेलवे स्टेशनों के बीच आंशिक रूप से रद्द करना पड़ा था। अब कठुआ-माधोपुर रेलखंड पर मरम्मत और तकनीकी कार्य लगभग पूरा हो चुका है।

इसके बाद रेलवे ने ट्रेन को फिर से पूरे मार्ग पर चलाने का फैसला किया है। इसके तहत ट्रेन संख्या 14803 भगत की कोठी-जम्मूतवी एक्सप्रेस एक अप्रैल से तथा 14804 जम्मूतवी-भगत की कोठी एक्सप्रेस दो अप्रैल से संचालित होगी। इसके लिए अग्रिम आरक्षण भी शुरू कर दिया गया है। गर्मी की छुट्टियों के दौरान यह ट्रेन यात्रियों के लिए खास तौर पर फायदेमंद साबित होगी,क्योंकि अब उन्हें जोधपुर से जम्मू तक सीधी रेल सेवा उपलब्ध हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश