उत्तर पश्चिम रेलवे का जुलाई तक उत्कृष्ट प्रदर्शन : यात्री भार में 7% तथा माल ढुलाई में 18% की वृद्धि
जयपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा यात्री सुविधाओं में विस्तार एवं माल ढुलाई के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल रेल सेवाओं का संचालन किया जा रहा है तथा पहले से संचालित स्पेशल रेल सेवाओं के फेरों में विस्तार के साथ-साथ यात्रियों की अधिकता को देखते हुए विभिन्न रेलसेवा में डिब्बो की अस्थाई बढोतरी की जा रही है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार उत्तर पश्चिम रेलवे से जुलाई 2026 के दौरान लगभग 0.81 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की, जिससे 164 करोड़ रुपये का यात्री राजस्व अर्जित हुआ। यह गत वर्ष जुलाई माह के 0.72 करोड़ यात्रियों से 13 प्रतिशत अधिक तथा गत वर्ष जुलाई माह के प्राप्त राजस्व 145 करोड़ की तुलना में 13 प्रतिशत अधिक है।
इसी प्रकार वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से जुलाई माह तक उत्तर पश्चिम रेलवे से लगभग 7 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की, जिससे 1310 करोड़ रुपये का यात्री राजस्व प्राप्त हुआ। यह गत वर्ष जुलाई माह तक के लगभग 6 करोड़ यात्रियों से 7 प्रतिशत अधिक तथा गत वर्ष की समान अवधि में प्राप्त राजस्व 1158 करोड़ की तुलना में 13 प्रतिशत अधिक है।
माल ढुलाई के क्षेत्र में भी उत्तर पश्चिम रेलवे ने विशिष्ट उपलब्धि हासिल की है जुलाई 2026 में 2.694 मिलियन टन माल की ढुलाई से 166.83 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के 2.472 मिलियन टन से लगभग 9% अधिक तथा गत वर्ष की समान अवधि में प्राप्त राजस्व 157.35 करोड़ की तुलना में लगभग 6 प्रतिशत अधिक है।
इसी प्रकार वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से जुलाई माह तक 10.851 मिलियन टन माल की ढुलाई कर लगभग 1439.90 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया, जो गत वर्ष की समान अवधि के 9.743 मिलियन टन से लगभग 11 प्रतिशत अधिक तथा प्राप्त राजस्व 1223.33 करोड़ की तुलना में 18 प्रतिशत अधिक है।
उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग, परिचालन दक्षता में सुधार तथा यात्री एवं माल परिवहन सेवाओं के निरंतर उन्नयन के माध्यम से राजस्व में वृद्धि की जा रही है। उत्तर पश्चिम रेलवे भविष्य में भी संरक्षित एवं समयबद्ध रेल परिचालन, यात्री सुविधाओं के विस्तार, माल परिवहन क्षमता में वृद्धि तथा आधारभूत संरचना के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव