इंटरनेट बंदी से थमा जनजीवन: कारोबार पर पड़ा असर

 


जयपुर, 08 जून (हि.स.)। राजधानी जयपुर में इंटरनेट सेवाएं बंद होने का असर सोमवार को आम जनजीवन और कारोबार पर साफ दिखाई दिया। ऑनलाइन भुगतान और इंटरनेट आधारित सेवाओं पर निर्भर लोगों को दिनभर परेशानियों का सामना करना पड़ा। दुकानदारों की बिक्री प्रभावित हुई, जबकि ऑनलाइन बुकिंग पर निर्भर ऑटो चालकों और होम डिलीवरी प्लेटफॉर्म से जुड़े राइडर्स का कामकाज लगभग ठप रहा।

प्रशासन ने इंटरनेट बंदी को लेकर संशोधित आदेश जारी करते हुए जयपुर पूर्व और जयपुर उत्तर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में इंटरनेट सेवा बंद रखने की अवधि 8 जून की रात 12 बजे तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए थे।

डिवीजनल कमिश्नर वी. सरवन कुमार द्वारा जारी आदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों पर रोक लगाने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

ऑटो चालक प्रेम प्रकाश ने बताया कि सुबह से एक भी ऑनलाइन बुकिंग नहीं मिली। इंटरनेट बंद होने से पूरा दिन खाली बैठना पड़ा। उन्होंने कहा कि उनकी अधिकांश आमदनी ऑनलाइन बुकिंग पर निर्भर है।

वहीं ऑटो चालक दिलीप ने बताया कि वर्तमान में अधिकांश ऑटो चालक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। स्टैंड पर ऑफलाइन सवारी कम मिलने के कारण इंटरनेट बंदी का सीधा असर उनकी आय पर पड़ा है। पूरे दिन एक भी ग्राहक नहीं मिलने से कमाई शून्य रही।

छोले-कुलचे की रेहड़ी लगाने वाले अशोक, बाबूलाल और कमल ने बताया कि ग्राहक तो आ रहे हैं, लेकिन अधिकांश लोग ऑनलाइन भुगतान करना चाहते हैं। इंटरनेट सेवा बंद होने के कारण कई ग्राहक बिना खरीदारी किए लौट रहे हैं, जबकि कुछ लोग उधार में सामान लेकर बाद में भुगतान करने की बात कह रहे हैं।

इधर चाय विक्रेता हनुमान ने बताया कि ग्राहकी में 50 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है। अधिकांश ग्राहक डिजिटल भुगतान करते हैं, लेकिन इंटरनेट बंद होने से लेनदेन प्रभावित हो रहा है, जिससे बिक्री पर सीधा असर पड़ा है।

ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म से जुड़े राइडर हेमराज ने बताया कि इंटरनेट बंद होने से ऑर्डर नहीं मिल रहे हैं। सामान्य दिनों में वह प्रतिदिन एक हजार से पंद्रह सौ रुपए तक कमा लेते हैं, लेकिन सोमवार को एक भी डिलीवरी नहीं मिली।

एक अन्य राइडर महेश ने बताया कि ऑनलाइन ऑर्डर बंद होने से कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है। रोजाना की कमाई से ही घर का खर्च चलता है, लेकिन इंटरनेट बंदी के कारण आय प्रभावित हो गई है।

शहर के विभिन्न बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में भी इंटरनेट बंदी का असर देखने को मिला। सामान्य दिनों में जहां बाजारों, बैंकों और कॉर्पोरेट कार्यालयों के आसपास चहल-पहल रहती है, वहीं सोमवार को कई डेयरी बूथ, चाय की थड़ियां और छोटी दुकानें बंद रहीं। कई दुकानदारों ने इंटरनेट सेवा बाधित रहने के कारण दुकानें नहीं खोलीं।

गौरतलब है कि जगतपुरा क्षेत्र में सड़क सीमा में आने वाले अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इनमें कुछ धार्मिक स्थल भी शामिल हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों को रोकने के उद्देश्य से प्रशासन ने इंटरनेट सेवाओं पर अस्थायी रोक लगाई है। आदेश के अनुसार रामगंज, गलता गेट, मानक चौक, सुभाष चौक, आमेर, ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़, कोतवाली, जालूपुरा, संजय सर्किल, शास्त्री नगर, भट्टा बस्ती, विद्याधर नगर, जयसिंहपुरा खोर, बस्सी, कानोता, तुंगा, आदर्श नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, जवाहर नगर, जामडोली, एसएमएस अस्पताल, गांधी नगर, लालकोठी, मोती डूंगरी, एयरपोर्ट, मालवीय नगर, जवाहर सर्किल, बजाज नगर, खो-नागोरियान, सांगानेर, प्रताप नगर, रामनगरिया और मालपुरा गेट थाना क्षेत्रों में 2जी, 3जी, 4जी और 5जी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं, बल्क एसएमएस, एमएमएस तथा व्हाट्सएप, फेसबुक और एक्स (ट्विटर) सहित सोशल मीडिया सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी।

जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने बताया कि शहर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सोशल मीडिया गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अफवाह फैलाने या भ्रामक जानकारी प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं जयपुर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति सामान्य होने के बाद इंटरनेट सेवाएं पुनः बहाल कर दी गई हैं।

संभागीय आयुक्त, जयपुर वी सरवण कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार पुलिस आयुक्तालय जयपुर से प्राप्त रिपोर्ट में बताया गया कि वर्तमान परिस्थितियों में इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध बनाए रखने की आवश्यकता नहीं है। इसके मद्देनजर पूर्व में जारी इंटरनेट सेवाओं के अस्थायी निलंबन संबंधी आदेश में संशोधन करते हुए इंटरनेट सेवाएं तत्काल प्रभाव से पुनः प्रारंभ करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जयपुर उत्तर एवं जयपुर पूर्व जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट, बल्क एसएमएस, एमएमएस, व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (ट्विटर) तथा अन्य सोशल मीडिया सेवाओं पर 08 जून को रात्रि 12 बजे से 09 जून को रात्रि 12 बजे तक अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया था।

पुलिस प्रशासन द्वारा स्थिति की समीक्षा किए जाने के बाद यह पाया गया कि क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में है। इसके आधार पर इंटरनेट सेवाओं को तत्काल प्रभाव से बहाल करने का निर्णय लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश