आठ वार्डों में रहेगा दिलचस्प मुकाबला, महिला प्रत्याशी दे रही हैं पुरुष प्रत्याशियों को चुनौती
उदयपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। उदयपुर में नगर निगम चुनाव में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद वार्डवार चुनावी तस्वीर साफ होने लगी है। भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबले के बीच आठ वार्ड ऐसे हैं, जहां महिला प्रत्याशी पुरुष उम्मीदवारों को चुनौती दे रही हैं। इन सीटों पर अब प्रत्याशियों की व्यक्तिगत पकड़, जनसंपर्क, स्थानीय मुद्दे और जातीय समीकरण चुनावी नतीजों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
वार्ड नंबर 9 में भाजपा ने महिला प्रत्याशी मीना बंधू को उतारा है, उसके सामने कांग्रेस के हर्ष पंवार मैदान में हैं। इसी तरह, वार्ड नंबर 79 में भाजपा ने महिला प्रत्याशी संतोष मीणा को उतारा है, जबकि वहां कांग्रेस के बाबूलाल गमेती मैदान में हैं।
वार्ड 24 में भाजपा के पारस सिंघवी को कांग्रेस की दीपिका कुमावत चुनौती दे रही हैं। वार्ड 25 में भाजपा के लोकेश साहू और कांग्रेस की नेहा कुमावत आमने-सामने हैं। वार्ड 28 में भाजपा के विजय आहूजा का मुकाबला कांग्रेस की महिमा चुग से है।
इसी तरह, वार्ड 29 में भाजपा के वैभव भंडारी के सामने कांग्रेस की नीना अग्रवाल ने ताल ठोकी है। वार्ड 56 में भाजपा के प्रदीप विजयवर्गीय और कांग्रेस की प्रियंका गर्ग के बीच मुकाबला है, जबकि वार्ड 70 में भाजपा के वीरेंद्र सिंह सिसोदिया को कांग्रेस की शिप्रा उपाध्याय चुनौती दे रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता