आज के युवा ही देश के भावी कर्णधार : डॉ. गर्ग

 


धौलपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। धौलपुर जिले के सेठ निनुआ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दौनारी में समम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले चार मेधावी विद्यार्थियों स्वर्गीय बिपती राम गर्ग की स्मृति में बीआर अवार्ड प्रदान किए गए।

समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान लोक सेवा आयोग के पूर्व चेयरमैन डॉ. आरएस गर्ग ने कहा कि आज के युवा ही देश के भावी कर्णधार हैं। इन प्रतिभाओं का सहयोग एवं संवर्धन आवश्यक है। डॉ. गर्ग ने कहा कि दौनारी उनकी जन्मभूमि है और यहां के लोगों एवं विद्यालय से उनका विशेष लगाव है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि विद्यालय की समस्याओं को उच्च स्तर तक ले जाकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। समारोह में बीआर अवार्ड के तहत कक्षा 12वीं के प्रथम छात्र एवं छात्रा को 31-31 हजार तथा कक्षा 10वीं के प्रथम छात्र-छात्रा को 21-21 हजार रूपये की पुरस्कार राशि के साथ प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। यह सम्मान प्रत्येक वर्ष 15 अगस्त को प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में एससी गर्ग सेवानिवृत्त कार्यकारी निदेशक आरईसी एवं सेठ निनुआराम चैरिटेबल पब्लिक वेलफेयर सोसायटी के समन्वयक मोहित गर्ग, ग्राम दौनारी के सरपंच, ठाकुर राम सिंह, ठाकुर अजमेर सिंह, ठाकुर गोपाल सिंह, ठाकुर धर्म सिंह, मुन्ना लाल शर्मा एवं मंगलिया राम सहित अन्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप