आईआईटीएफ-2026 में दिखी राजस्थान की विकास और विरासत की अनूठी झलक, पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र
जयपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में राजस्थान का पवेलियन प्रदेश की समृद्ध विरासत और आधुनिक विकास की तस्वीर पेश कर रहा है। विकास और विरासत की थीम पर तैयार राजस्थान पवेलियन में संस्कृति, हस्तशिल्प, पर्यटन, उद्योग, निवेश और तकनीकी नवाचारों को एक ही मंच पर प्रदर्शित किया गया है। अब तक करीब एक लाख आगंतुक पवेलियन का भ्रमण कर चुके हैं।
राजस्थान लघु उद्योग निगम लिमिटेड की ओर से प्रगति मैदान के हॉल संख्या-3 के भूतल पर करीब एक हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में राजस्थान पवेलियन स्थापित किया गया है। इस वर्ष राजस्थान मेले में सहभागी राज्य के रूप में शामिल है। पवेलियन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विकसित राजस्थान के विजन को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जा रहा है।
राजस्थान पवेलियन में प्रदेश के 41 जिलों के एक जिला एक उत्पाद तथा 24 जीआई टैग प्राप्त उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। इसके अलावा 44 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां शिल्पकारों, उद्यमियों, उत्पाद निर्माताओं और महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का अवसर मिला है।
पवेलियन में राजस्थान की पारंपरिक कला और शिल्प को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़कर प्रस्तुत किया गया है। आकर्षक ‘पीकॉक गेट’ और ‘नमस्ते गेट’, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित डिजिटल झरोखा, कठपुतली कियोस्क, सेल्फी झरोखा और त्रिआयामी मुद्रण जैसी तकनीकी प्रस्तुतियां आगंतुकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
पवेलियन में आगंतुकों को राजस्थान की पारंपरिक कला और शिल्प की निर्माण प्रक्रिया को प्रत्यक्ष देखने का अवसर भी मिल रहा है।
मोलेला की टेराकोटा कला, बगरू छपाई, मेहंदी, बांधणी, पारंपरिक दरी निर्माण और त्रिआयामी मुद्रण के जीवंत प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
विभिन्न विभागों और संस्थाओं की प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रदेश की अक्षय ऊर्जा, कौशल विकास, पर्यटन, औद्योगिक निवेश और रोजगार की संभावनाओं को भी सामने रखा गया है। राजस्थान पवेलियन में प्रतिदिन होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। कच्ची घोड़ी और कालबेलिया नृत्य, सारंगी वादन, कठपुतली शो और पारंपरिक बायोस्कोप के माध्यम से राजस्थान की लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की जा रही है।
वहीं, राजस्थानी व्यंजनों से सजा भोजन क्षेत्र प्रदेश के पारंपरिक खानपान से पर्यटकों को परिचित करा रहा है। हॉर्स शो क्षेत्र में स्थापित विशेष अतिथि कक्ष सह पर्यटन सूचना केंद्र के माध्यम से राजस्थान के पर्यटन स्थलों और पर्यटन सुविधाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित